रायगढ़ को मिला साइबर थाना, साइबर फ्रॉड के खिलाफ निर्णायक कदम,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के 8 नए साइबर पुलिस थानों का किया वर्चुअल उद्घाटन
➡️ सीएम विष्णु देव साय की बड़ी सौगात, रायगढ़ जिले को मिला अत्याधुनिक साइबर थाना
➡️ नया रायपुर पुलिस मुख्यालय से हुआ राज्य स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम
➡️ उप मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव एवं डीजीपी सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
➡️ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने रोजनामचा दर्ज कर साइबर थाना संचालन का किया शुभारंभ
➡️ नए साइबर थाने से विवेचना तेज, पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलेगा – एसएसपी
रायगढ़!साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा डिजिटल ठगी के शिकार नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन ने एक ऐतिहासिक पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से प्रदेश के 8 नवीन साइबर पुलिस थानों का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें रायगढ़ जिला भी शामिल है।
इस अवसर पर पुलिस हाउसिंग बोर्ड के अंतर्गत पूर्ण किए गए महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भी मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअली लोकार्पण किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शीर्ष प्रशासनिक उपस्थिति
पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, एसीएस (गृह) मनोज पिंगुआ तथा पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
रायगढ़ में विधिवत उद्घाटन
रायगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में रिबन काटकर साइबर थाने का औपचारिक उद्घाटन किया।
इसके पश्चात एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा रोजनामचा दर्ज कर साइबर थाना संचालन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
16 प्रशिक्षित स्टाफ के साथ शुरू हुआ साइबर थाना
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में पूर्व से संचालित साइबर सेल का उन्नयन कर साइबर थाना स्थापित किया गया है।
उन्होंने बताया कि निरीक्षक नासिर खान को साइबर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है तथा 16 प्रशिक्षित अधिकारी-कर्मचारी पदस्थ किए गए हैं। आवश्यकता अनुसार भविष्य में स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड एवं डिजिटल अपराध वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल हैं। साइबर थाना स्थापित होने से ऐसे अपराधों की विवेचना में तेजी आएगी और पीड़ितों को त्वरित राहत एवं शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जा सकेगा।
साइबर जागरूकता पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने साइबर फ्रॉड से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा नागरिकों से डिजिटल लेन-देन में सतर्कता, ओटीपी व लिंक साझा न करने और साइबर जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, पार्षद पूनम सोलंकी, सुरेश गोयल, अक्षय कुलदीप, पवन शर्मा, सुभाष पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एएसपी (साइबर सेल) अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उत्तम प्रताप सिंह, साधना सिंह, मीडिया प्रतिनिधि, साइबर थाना का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपील
रायगढ़ पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी साइबर अपराध की सूचना तुरंत साइबर थाना या नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक व मानसिक नुकसान से बचा जा सके।
