वार्ड 2 में चुनावी माहौल दिख रहा बीजेपी के पक्ष में,सबसे मजबूत कैंडिडेट बन कर उभरे श्याम भोजवानी
कांग्रेस और निर्दलीय वार्ड में अभी भी संघर्षरत

जनता के बीच मजबूत पकड़
घरघोड़ा।घरघोड़ा नगर पँचायत के वार्ड क्रमांक 2 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद प्रत्याशी श्याम भोजवानी जबरदस्त बढ़त लेते नजर आ रहे हैं। वार्ड 8 से दो बार पार्षद रह चुके भोजवानी को इस बार उनके गृह वार्ड से पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। जनता के बीच उनकी सक्रियता और प्रभावशाली संगठनात्मक समर्थन ने उन्हें चुनावी दौड़ में सबसे आगे कर दिया है। लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर वे लोगों की समस्याओं को समझ रहे हैं और उनके समाधान के लिए ठोस योजनाएं बना रहे हैं।
मजबूत संगठनात्मक पकड़,कांग्रेसी बन रहे भाजपाई
श्याम भोजवानी न केवल अपनी व्यक्तिगत लोकप्रियता बल्कि संगठनात्मक शक्ति के साथ भी आगे बढ़ रहे हैं। बीते मंगलवार उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी की उपस्थिति में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बीजेपी में प्रवेश करवाकर अपनी राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया। इससे पार्टी को वार्ड 2 में और अधिक मजबूती मिली है। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी मौजूदगी से यह स्पष्ट हो रहा है कि भोजवानी को चुनाव में किसी कड़े मुकाबले का सामना नहीं करना पड़ रहा।
जनता का समर्थन और विकास के वायदे
जनता के बीच उनकी छवि एक विकासशील नेता के रूप में बनी है। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने वार्ड में एक सुंदर गार्डन निर्माण सहित कई विकास कार्यों का वादा किया है। लगातार जनता से मिलकर वे न केवल समर्थन जुटा रहे हैं, बल्कि जनता भी अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रख रही है, जिससे स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि वार्ड 2 की जनता ने उन्हें पहले ही अपना प्रतिनिधि मान लिया है। मौजूदा माहौल और जनता के रुझान को देखते हुए श्याम भोजवानी की जीत की संभावनाएं काफी मजबूत नजर आ रही हैं।
कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी भी जुटे समर्थन बढाने में
हालांकि, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में डटे हुए हैं और अपनी ओर रुझान लाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं और मतदाताओं को लुभाने के लिए स्थानीय मुद्दों को जोर-शोर से उठा रहे हैं। वहीं, कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी वार्ड में अपनी मजबूत पकड़ साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, चुनावी माहौल में श्याम भोजवानी की मजबूत पकड़ को देखते हुए अन्य प्रत्याशी अब भी संघर्षरत नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में मुकाबला कितना रोचक होगा, यह जनता के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








