ऑपरेशन आघात: घरघोड़ा में नशे के सौदागरों पर पुलिस का करारा प्रहार!
ग्राहक तलाश रहे दो सप्लायर गिरफ्तार, 26 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप जब्त
2,600 एमएल कोडीनयुक्त सिरप बरामद, ₹41,247 की जब्ती
एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 29 के तहत मामला दर्ज, दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
घरघोड़ा/रायगढ़। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले अवैध कारोबारियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीनयुक्त नशीली सिरप की बिक्री की फिराक में ग्राहक तलाश रहे दो कथित सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 शीशी प्रतिबंधित ONEREX कफ सिरप, कुल 2,600 एमएल, वजन 3 किलो 506 ग्राम तथा कीमत ₹41,247 की सिरप जब्त की है।
🚔 ढोरम बाईपास तिराहे पर पुलिस की घेराबंदी, दोनों आरोपी धराए
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24-25 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि घरघोड़ा-लैलूंगा रोड स्थित ढोरम बाईपास तिराहे के पास दो व्यक्ति भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार के हमराह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर दोनों संदेहियों को पकड़ लिया।
🔍 तलाशी में खुला नशीली सिरप का मामला
पूछताछ में आरोपियों की पहचान:
– कन्हैया यादव, पिता हरि राम यादव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम केनापारा, थाना लैलूंगा।
– तेज राम यादव, पिता स्व. फिरू राम यादव, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम कोनपारा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़।
विधिवत तलाशी के दौरान कन्हैया यादव के कब्जे से 17 शीशी तथा तेज राम यादव के कब्जे से 9 शीशी ONEREX Cough Syrup बरामद हुई। प्रत्येक शीशी में 100 एमएल सिरप थी। इस तरह कुल 26 शीशी प्रतिबंधित सिरप जब्त की गई।
⚖️ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी प्रतिबंधित नशीली सिरप को बिक्री के उद्देश्य से अपने कब्जे में रखे हुए थे। मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 367/2026, धारा 21(सी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
👮 कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, एएसआई खेमराज पटेल, आरक्षक हरीश पटेल एवं भानू चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
📢 एसएसपी का सख्त संदेश: नशे के सौदागरों को नहीं मिलेगी राहत
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले नशे के सौदागरों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है, ऑपरेशन आघात के तहत घरघोड़ा पुलिस की यह कार्रवाई अवैध नशे के कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश है।
- ऑपरेशन आघात: घरघोड़ा में नशे के सौदागरों पर पुलिस का करारा प्रहार! - November 26, 2026
- निजी हक की जमीन पर BS स्पंज का निर्माण? - November 26, 2026
- पत्रकार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, गंभीर घायल होकर अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती; मीडिया जगत में आक्रोश - November 25, 2026
