एसआईआर अभियान से लोकतंत्र को मिलेगी मजबूती – संभागायुक्त सुनील जैन
मतदाता सूची की शुद्धता के लिए मतदान केन्द्र स्तर पर निरीक्षण, बीएलओ से सीधा संवाद
पात्र मतदाता न छूटे, अपात्र न जुड़े—निर्वाचन आयोग की मंशा को धरातल पर उतारने के निर्देश
रायगढ़!भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर संभागीय कमिश्नर बिलासपुर एवं रोल ऑब्जर्वर सुनील जैन ने आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के साथ जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केन्द्र स्तर पर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने दावा-आपत्ति की स्थिति, उनके निराकरण एवं सत्यापन प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधे संवाद कर आयोग के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) से चर्चा कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
संभागायुक्त जैन ने खरसिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पतरापाली व कुनकुनी, रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र के आयुष कार्यालय, धरमजयगढ़ के घरघोड़ा तथा लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के तराईमाल में स्थापित एसआईआर केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने से संबंधित आवेदनों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण किया जाए।
संभागायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध व त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। निर्वाचन आयोग की स्पष्ट मंशा है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इस दिशा में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि एसआईआर कार्यों की प्रशासन द्वारा सतत निगरानी की जा रही है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि दावा-आपत्ति आवेदन की प्रक्रिया 22 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रियंका वर्मा, ईआरओ खरसिया प्रवीण तिवारी, ईआरओ रायगढ़ महेश शर्मा, ईआरओ लैलूंगा भरत कौषिक, ईआरओ धरमजयगढ़ प्रवीण भगत सहित संबंधित एईआरओ उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 01 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक किया गया है। इस अवधि में
फार्म-6 से नाम जोड़ने,
फार्म-7 से नाम विलोपन,
फार्म-8 से संशोधन या स्थानांतरण
के लिए आवेदन किए जा सकते हैँ |
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








