September 24, 2026

धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

0
IMG-20260116-WA0008.jpg

फर्जी एंट्री कर 279 बोरी धान दिखाने का खुलासा, डाटा एंट्री ऑपरेटर निलंबित

फड़ प्रभारी को धान खरीदी कार्य से हटाया गया, कलेक्टर का सख्त संदेश

रायगढ़!जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए तमनार धान उपार्जन केंद्र में सामने आई गंभीर अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की है। जांच में 279 बोरी धान की फर्जी खरीदी दर्ज किए जाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है।
जिला नोडल अधिकारी, धान उपार्जन केंद्र तमनार द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को कृषक चंद्रमणी पिता हरीशचंद्र, निवासी झिंकाबहाल द्वारा धान विक्रय हेतु उपार्जन केंद्र में धान लाया गया था। प्रारंभिक जांच में 85 बोरी धान अमानक पाए जाने पर उन्हें पृथक कर दिया गया, जबकि शेष मानक धान की नमी जांच कर वजन कराया गया, जिसमें कुल 383 बोरी धान ही खरीदी योग्य पाई गई।
जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि समिति के संधारित रजिस्टर एवं कंप्यूटर रिकॉर्ड में कृषक के नाम पर 662 बोरी धान (264.80 क्विंटल) की खरीदी दर्ज कर दी गई, जबकि वास्तविकता में केवल 383 बोरी धान ही खरीदी गई थी। इस प्रकार 279 बोरी धान (111.60 क्विंटल) की फर्जी प्रविष्टि कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का स्पष्ट प्रयास उजागर हुआ।
यह कृत्य छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा धान खरीदी के संबंध में जारी निर्देशों का खुला उल्लंघन है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तमनार (पंजीयन क्रमांक 241) के डाटा एंट्री ऑपरेटर अमित साव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही, धान खरीदी केंद्र तमनार के फड़ प्रभारी श्री हरेराम सिदार को कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर धान खरीदी कार्य से तत्काल पृथक कर दिया गया है।
कलेक्टर चतुर्वेदी ने दो टूक शब्दों में कहा है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। किसानों के हितों से खिलवाड़ करने, फर्जी प्रविष्टि करने अथवा शासन के निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों की सतत और सघन निगरानी की जा रही है तथा भविष्य में भी दोषी पाए जाने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *