शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा
“अभियान संवेदना” के तहत त्वरित कार्रवाई—नाबालिग अवस्था में संबंध बनाने के आरोप में POCSO समेत गंभीर धाराओं में केस, आरोपी न्यायिक रिमांड पर
रायगढ़। महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत खरसिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी का झांसा देकर युवती का लगातार शारीरिक शोषण करने के आरोप में हरिनारायण उर्फ करण श्रीवास (21 वर्ष), खरसिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में की गई।
नाबालिग होने के दौरान संबंध बनाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय युवती ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2022 से आरोपी से उसकी जान-पहचान थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। युवती ने आरोप लगाया कि 18 जनवरी 2024 को, जब वह नाबालिग थी, आरोपी ने प्रेम और शादी का भरोसा देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।
इसके बाद वर्ष 2025 में आरोपी उसे सोनबरसा क्षेत्र के जंगल में घुमाने के बहाने ले गया, जहां भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। युवती के अनुसार, 14 जून 2026 को आरोपी उसे शादी का झांसा देकर झारसुगुड़ा, ओडिशा स्थित अपने रिश्तेदार के घर ले गया, जहां भी उसके साथ जबरदस्ती की गई।
रायगढ़ लाकर शादी से किया इनकार
शिकायत के अनुसार 28 जुलाई 2026 को आरोपी युवती को रायगढ़ लेकर आया और किराये के मकान में रखा। कुछ दिनों बाद शादी से इनकार करते हुए आरोपी ने कथित तौर पर युवती की जाति को लेकर अपशब्द कहे और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद युवती 15 अगस्त 2026 को अपने गांव लौट गई।
युवती ने डर के कारण तत्काल परिजनों को जानकारी नहीं दी। 23 अगस्त को मां के पूछने पर उसने पूरी घटना बताई, जिसके बाद वह खरसिया थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने दी दबिश
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 445/2026 दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार प्रकरण में धारा 642(ड), 65(1) बीएनएस तथा धारा 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने उसके गांव में दबिश दी और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव, उप निरीक्षक संध्या कोका, प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का संदेश साफ है—महिला एवं बाल अपराधों में शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई होगी और आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








