September 23, 2026

अवैध पार्किंग से लेकर नशे के कारोबार तक—कलेक्टर-एसएसपी का सख्त अल्टीमेटम, चक्रधर समारोह से पहले बनेगी सुरक्षा की फुलप्रूफ रणनीति

0
IMG-20260825-WA0016.jpg

ब्लैक स्पॉट का होगा ऑडिट, हिट एंड रन और RBC 6-4 के लंबित मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़। जिले में कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने अब सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं, अवैध पार्किंग, ब्लैक स्पॉट, नशीली दवाइयों, कोटपा एक्ट, आगामी त्योहारों और बड़े आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था सहित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

अवैध पार्किंग पर लगातार चलेगा अभियान

कलेक्टर ने सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिले के ब्लैक स्पॉट की पहचान, तकनीकी ऑडिट और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा गया। स्कूल और महाविद्यालयों के आसपास भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

चक्रधर समारोह पर प्रशासन की पैनी नजर

रायगढ़ जिला मुख्यालय में होने वाले दस दिवसीय चक्रधर समारोह एवं कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर प्रशासन ने पहले से ही कमर कसने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

ईद और जन्माष्टमी पर जुलूस-रैली की पहले से प्लानिंग

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने आगामी ईद और कृष्ण जन्माष्टमी सहित त्योहारों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रैली, जुलूस और अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए आवश्यक अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति आयोजन किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आयोजन समितियों के साथ बैठक कर रूट, सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पहले से तय करने के निर्देश दिए गए।

नशीली दवाइयों और तंबाकू कारोबार पर शिकंजा

एसएसपी ने नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ कोटपा एक्ट के तहत अधिक से अधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

RBC 6-4 और हिट एंड रन के मामलों में तेजी

बैठक में राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा अथवा दुर्घटना से होने वाली क्षति के लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पीएम रिपोर्ट के लिए चिकित्सकों से बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए सीएमएचओ को निर्देशित किया गया। वहीं हिट एंड रन के मामलों में भी त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया गया।

एक-एक कार्रवाई की हुई समीक्षा

बैठक में जिला हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स, औद्योगिक सुरक्षा, खाद्य एवं औषधि सुरक्षा, आबकारी अधिनियम, मोटर व्हीकल एक्ट और कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा हुई। इसके अलावा जिला जेल, बंदियों को विधिक सहायता, लंबित पैरोल, चिटफंड, पशु क्रूरता अधिनियम, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम तथा अभियोजन स्वीकृति के लंबित मामलों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई।

बैठक में एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, सभी अनुविभागों के एसडीएम, एसडीओपी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *