September 23, 2026

ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: UP के 8 कथित गांजा तस्कर गिरफ्तार

0
IMG-20260904-WA0004.jpg

दो जिलों की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 34.865 किलो गांजा समेत 61.53 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लैलूंगा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे और उनसे जुड़े वाहनों से 34.865 किलो गांजा, तीन कार, एक स्कूटी और 8 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 61 लाख 53 हजार 200 रुपये बताई गई है।

🚨 पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागे, पीछा कर दबोचे गए

पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि टाटा सफारी क्रमांक UP 70 DF 0050 में गांजे की बड़ी खेप लेकर कुछ लोग ओडिशा की ओर से लैलूंगा-पत्थलगांव होते हुए उत्तर प्रदेश की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने ग्राम कमरगा के पास नाकेबंदी की।

पुलिस का आरोप है कि सफारी चालक ने रोकने का प्रयास किए जाने पर पुलिस के निजी वाहन CG 13 AM 0302 को टक्कर मारी और मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया और मोतीपुर के पास सफारी को घेर लिया।

🚨 आगे स्कूटी से पायलटिंग, पीछे गांजे से भरी सफारी

पुलिस के मुताबिक सफारी के आगे एक स्कूटी चल रही थी, जिसे कथित तौर पर पायलटिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस की घेराबंदी देखकर दोनों वाहनों के चालक भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया।

पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े छह अन्य आरोपियों को भी मामले में आरोपी बनाया, जिन्हें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने दो अलग-अलग हुंडई औरा कारों से पकड़ा था।

🚨 सरिया पुलिस की कार्रवाई से खुला नेटवर्क

पुलिस के अनुसार सरिया क्षेत्र में कंचनपुर बैरियर और बरगढ़ जाने वाले मार्ग पर दो हुंडई औरा कारों को संदेह के आधार पर रोका गया। इनमें कुल छह आरोपी मिले। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर उन्होंने पीछे चल रही टाटा सफारी में गांजा होने की जानकारी दी।

इसके बाद रायगढ़ पुलिस को सूचना दी गई और लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सफारी को पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक गांजा पहुंचाने वाले कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

🚨 34 पैकेट गांजा और लाखों की संपत्ति जब्त

पुलिस ने कार्रवाई में—

– 34 पैकेट गांजा — 34.865 किलो, अनुमानित कीमत ₹17,43,200
– टाटा सफारी UP 70 DF 0050
– हुंडई औरा UP 70 RT 1067
– हुंडई औरा UP 70 RT 3451
– एक स्कूटी OD 12 H 6460
– 8 मोबाइल फोन

जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार कुल जब्ती की कीमत ₹61,53,200 है।

🚨 ये 8 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार चौधरी, गगन कुमार चौधरी, संदीप सिंह, ललित पाल, शुभम सिंह, दीपांशु सिंह, प्रिंस सिंह और देवेंद्र तिवारी शामिल हैं। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं।

🚨 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में थाना लैलूंगा में NDPS Act की धारा 20(B) और 29 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब कथित नेटवर्क के अन्य संपर्कों, गांजे के स्रोत और इसकी सप्लाई चेन को लेकर आगे जांच कर रही है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *