September 23, 2026

100 से ज्यादा CCTV ने खोला चोरी का राज, नागपुर से भागा आरोपी चिचोला में गिरफ्तार

0
IMG-20260910-WA0001.jpg

घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक की दो किराना दुकानों में सेंधमारी का खुलासा, ₹6.30 लाख की चोरी की संपत्ति बरामद

घरघोड़ा/रायगढ़। घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित दो किराना दुकानों में हुई सिलसिलेवार चोरी का रायगढ़ पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बारिश की रात टीन शीट और फॉल सीलिंग तोड़कर दुकानों में दाखिल होकर लाखों रुपये की नगदी, चांदी और किराना सामान चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे एवं मेमोरंडम के आधार पर ₹6,30,286 की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान की छत में लगे टीन शीट एवं फॉल सीलिंग को तोड़कर आरोपी दुकान के भीतर दाखिल हुआ। यहां से करीब 4 लाख रुपये नगद, चांदी के सिक्के एवं चांदी का बिस्किट चोरी किया गया।

इसके बाद आरोपी ने बगल में स्थित गोकुलचंद मामराज किराना दुकान को भी निशाना बनाया। यहां भी फॉल सीलिंग तोड़कर दुकान में घुसकर करीब 90 हजार रुपये नगद, चिल्हर सिक्के तथा किराना सामान चोरी कर लिया।

दोनों घटनाओं की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 265/2026 एवं 266/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

🎥 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी एवं साइबर डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में थाना घरघोड़ा और साइबर टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।

CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध के हुलिए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी सतीष चौहान के रूप में की। पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था।

📱 चोरी के पैसों से खरीदा मोबाइल, फिर नागपुर भागा

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने चोरी की रकम से लैलूंगा की तमन्ना मोबाइल दुकान से ₹19,300 में Samsung A-07 मोबाइल खरीदा था। आरोपी ने चोरी की रकम में से करीब ₹25 हजार घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च करने की बात भी बताई।

तकनीकी निगरानी में आरोपी की लोकेशन नागपुर में मिली। पुलिस टीम तत्काल नागपुर रवाना हुई। लेकिन पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी नागपुर से भी फरार होने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा जारी रखा और आखिरकार चिचोला बस स्टैंड, जिला राजनांदगांव में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

🔥 पूछताछ में दोनों चोरी करना स्वीकार

पूछताछ में आरोपी ने दोनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह दोनों दुकानों में अक्सर सामान खरीदने जाता था। 23 अगस्त की रात तेज बारिश को देखकर उसने चोरी की योजना बनाई।

चेहरा छिपाने के लिए गमछा बांधकर वह पहले संतोष किराना दुकान की छत पर पहुंचा और टीन शीट तथा फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। चोरी के बाद उसने पास की दूसरी किराना दुकान में भी इसी तरीके से प्रवेश किया।

💰 ₹6.30 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद

आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर पुलिस ने ₹2,64,146 नगद, 1 किलो 508 ग्राम चांदी जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,46,840, Samsung A-07 मोबाइल तथा सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछा बरामद किया। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹6,30,286 है।

👮 पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी एवं साइबर डीएसपी शिखर मरावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी में निरीक्षक कुमार गौरव साहू, थाना प्रभारी घरघोड़ा, थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शुभम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, आरक्षक हरीश पटेल, आरक्षक उधो राम पटेल, आरक्षक जगमोहन लाल ओग्रे, प्रधान आरक्षक बृजलाल गुर्जर, आरक्षक प्रशांत पंडा, आरक्षक पुष्पेंद्र जाटवर, आरक्षक नवीन शुक्ला एवं आरक्षक रविन्द्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं स्थानीय युवक कालिया गुप्ता एवं जनेश्वर कुर्रे का विशेष योगदान रहा।

⚖️ आरोपी न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपी सतीष चौहान पिता स्व. नान्हूराम चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरपाली नवाडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को दोनों अपराधों में विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

🎯 SSP ने कहा—दूर भागने से नहीं बचेगा अपराधी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध के बाद आरोपी कितना भी दूर भाग जाए, पुलिस की तकनीकी निगरानी और सतत प्रयास से उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा। घरघोड़ा चोरीकांड में टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और नागपुर से राजनांदगांव तक पीछा कर उसे गिरफ्तार किया।

रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि तकनीकी निगरानी, CCTV और लगातार मैदानी कार्रवाई के सामने अपराधी का ज्यादा समय तक बच निकलना आसान नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *