October 19, 2026

ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर चक्रधरनगर पुलिस का शिकंजा

0
IMG-20261004-WA0004

बोईरदादर में मोबाइल से सट्टा खिलाते आरोपी को दबोचा, Vivo V60 जब्त

रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन अंकुश” लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर क्षेत्र में ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगवाकर सट्टा खिलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vivo V60 मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस की यह कार्रवाई की गई।

🔥 गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास चल रहा था ऑनलाइन खेल

पुलिस के अनुसार, 3 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर के पास एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदेही पंकज जय सिंह पिता गोविंद राम जय सिंह, निवासी सिंधी कॉलोनी पक्की खोली, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ को पकड़ लिया।

पूछताछ और मोबाइल की जांच में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन से जुड़े साक्ष्य मिलने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब एक वर्ष से क्रिकेट सट्टे के कारोबार से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। आरोपी द्वारा सट्टे की रकम UPI के माध्यम से प्राप्त कर मुख्य खाईवाल तक पहुंचाने की जानकारी भी सामने आई है।

📱 मोबाइल की हिस्ट्री ने खोले सट्टे के डिजिटल राज

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से Vivo V60 मोबाइल जब्त किया। मोबाइल की Google Chrome हिस्ट्री में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा साइट की लिंक संचालित किए जाने के साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है। यानी सट्टे का खेल अब महज मैदान या गली-मोहल्ले तक सीमित नहीं, बल्कि मोबाइल और ऑनलाइन भुगतान के जरिए तेजी से संचालित हो रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में मुख्य खाईवाल के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अब पुलिस इस नेटवर्क की आगे की कड़ियां खंगाल रही है।

⚠️ पुराने रिकॉर्ड और डिजिटल फुटप्रिंट भी पुलिस की नजर में

रायगढ़ पुलिस “ऑपरेशन अंकुश” के तहत सिर्फ मौके पर सट्टा खिलाते आरोपियों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूर्व में सट्टे के मामलों में पकड़े गए आरोपियों के क्राइम रिकॉर्ड, गतिविधियों और डिजिटल फुटप्रिंट का भी विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस की नजर उन लोगों पर भी है जो ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क को पर्दे के पीछे से संचालित कर रहे हैं।

आरोपी पंकज के विरुद्ध धारा 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे रिमांड पर भेजा जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

🚔 खाईवाल तक पहुंचेगी पुलिस की कार्रवाई!

इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस की नजर मुख्य खाईवाल और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर है। पुलिस का कहना है कि सट्टा खिलाने और खेलने वालों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में एसआई गेंदलाल साहू, एएसआई आशिक रात्रे, आरक्षक संदीप कौशिक एवं आरक्षक मिनकेतन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

🗣️ SSP का दो टूक संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा और ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार पर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। सट्टे से जुड़े पुराने आरोपियों के रिकॉर्ड और डिजिटल फुटप्रिंट की भी जांच की जा रही है। अवैध सट्टा संचालन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *