October 19, 2026

शादी का झांसा देकर नाबालिग के शोषण का आरोप, खरसिया पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को दबोचा!

0
IMG-20261015-WA0001

पीड़िता ने लगाया दो साल तक शारीरिक शोषण का आरोप, करीब चार माह की गर्भवती होने की बात कही; पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

रायगढ़। नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर करीब दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

⚡14 अक्टूबर को दर्ज हुई शिकायत, पुलिस ने तत्काल शुरू की कार्रवाई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने चौकी खरसिया में आवेदन देकर खरसिया के अटल आवास निवासी छोटू राजपूत के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में जांच शुरू कराई। महिला विवेचक के माध्यम से पीड़िता के बयान दर्ज किए गए और उसके अभिमत के अनुसार चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

⚡घुमाने के बहाने जंगल ले जाने और शादी का भरोसा देने का आरोप

पीड़िता के कथन के मुताबिक, सितंबर 2024 में उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोप है कि 22 सितंबर 2024 को आरोपी उसे घुमाने के बहाने खरसिया के जंगल की ओर ले गया और शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आगे भी कई बार शारीरिक शोषण किए जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में पीड़िता ने स्वयं को करीब चार माह की गर्भवती बताते हुए आरोप लगाया कि अब आरोपी शादी करने से इनकार कर रहा है।

⚡BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अपराध क्रमांक 528/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(m) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और चिकित्सकीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

⚡कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज तथा आरक्षक धनंजय कश्यप, कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा, सिदार सिंह और गोविन्द बनर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का संदेश: अभियान संवेदना के तहत रायगढ़ पुलिस महिला एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *