October 19, 2026

शेयर मार्केट में 70.77 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार गिरफ्तार, साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई!

0
IMG-20261015-WA0005

महिलाओं को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बिछाया ठगी का जाल, महिला आरोपी से पूछताछ में खुली मुख्य आरोपी की भूमिका; मोबाइल जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रायगढ़। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से लाखों रुपये की कथित ठगी करने के मामले में साइबर थाना रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी के मामले में मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को तमनार क्षेत्र में उसके गांव के पास दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया है तथा बैंक खातों से संबंधित जानकारी भी जुटाई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

⚡रकम दोगुनी करने का लालच, महिलाओं ने भरोसे में आकर लगाए लाखों रुपये

पुलिस के अनुसार, मामला पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जतरी और आसपास के गांवों की महिलाओं से जुड़ा है। शिकायतकर्ता हारा बाई निषाद सहित अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि मेनका सारथी अपने मायके आने पर महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश से मोटा मुनाफा मिलने की बात बताती थी। उसने कम समय में रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया। यहां तक कहा गया कि यदि रकम दोगुनी नहीं हुई तो वह और उसका पति अपनी गारंटी पर दोगुनी राशि वापस करेंगे।

इस भरोसे में आकर महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम देना शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच कई महिलाओं से लाखों रुपये लिए गए। इस पूरे मामले में कुल 70,77,901 रुपये प्राप्त किए जाने की शिकायत सामने आई है।

किसी ने दिए 17 लाख, तो किसी ने लगाए 9 लाख रुपये

शिकायत में सामने आई रकम का विवरण चौंकाने वाला है। हारा बाई निषाद से 17.53 लाख रुपये, अनिता निषाद से 17.24 लाख रुपये, पुष्पा सिदार से 9 लाख रुपये, विष्णु प्रिया निषाद से 7.50 लाख रुपये और दुजकुंवर यादव से 5 लाख रुपये लेने की बात कही गई है। इसके अलावा आरती सिदार, सुशीला निषाद, मोहनमती सिदार, मुन्नी बाई सारथी, फुलबाई यादव और अन्य महिलाओं से भी रकम लिए जाने की शिकायत है।

बताया गया कि शुरुआत में कुछ निवेशकों को मुनाफे की राशि लौटाई गई, जिससे अन्य महिलाओं का भरोसा बढ़ा। लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया। पीड़ित महिलाओं के आरोप हैं कि उन्हें न तो वादा किया गया मुनाफा मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई। कुछ महिलाओं ने दूसरे बैंकों से ऋण लेकर निवेश के लिए पैसा दिया था, जिसके चलते अब उन्हें कर्ज की किस्तें चुकाने में भी परेशानी हो रही है।

⚡महिला आरोपी से पूछताछ में सामने आया मिनकेतन का नाम

मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को अपराध क्रमांक 11/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 3(5) में मेनका सारथी, अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया था।

विवेचना के दौरान बैंक खातों के लेनदेन, पीड़ित महिलाओं के बयान और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने 6 अक्टूबर को जिला सक्ती के ग्राम बरतुंगा से मेनका सारथी को हिरासत में लिया था।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मेनका ने मिनकेतन सिदार से अपनी पहचान होने की जानकारी दी। जांच में मिनकेतन की कथित भूमिका सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस की टीम ने तमनार क्षेत्र में दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

⚡बैंक खातों के जरिए रकम के लेनदेन की जांच

पुलिस जांच के अनुसार, महिलाओं से प्राप्त रकम अलग-अलग लोगों के बीच लेनदेन के माध्यम से स्थानांतरित की जाती थी। शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को राशि लौटाई गई, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। मेनका सारथी के कब्जे से पहले ही मोबाइल फोन, बैंक खातों से संबंधित जानकारी और एटीएम कार्ड जब्त किए जा चुके हैं। अब मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार से जुड़े मोबाइल और बैंक खातों की जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

⚡तमनार के आमगांव का निवासी है आरोपी

पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान मिनकेतन सिदार, पिता ब्रह्मा सिदार, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम आमगांव, थाना तमनार के रूप में की है। अपराध में संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

फिलहाल मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है और साइबर थाना पुलिस की विवेचना जारी है। पुलिस की जांच में अब यह स्पष्ट होना बाकी है कि कथित ठगी की रकम कहां-कहां स्थानांतरित की गई और इसमें अन्य किन लोगों की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *