September 24, 2026

जोरापाली में सट्टा रैकेट पर कोतरारोड़ पुलिस का करारा प्रहार

0
IMG-20260122-WA0006.jpg

36 मामलों वाला आदतन सटोरिया सट्टा-पट्टी सहित रंगे हाथ गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
रायगढ़। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के स्पष्ट निर्देश एवं एडिशनल एसपी अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा तथा डीएसपी सुशांतो बनर्जी के कुशल मार्गदर्शन में कोतरारोड़ पुलिस द्वारा अवैध शराब, जुआ, सट्टा एवं कबाड़ कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतरारोड़ थाना पुलिस ने ग्राम जोरापाली चौक में सक्रिय सट्टा रैकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन सटोरिये को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में दिनांक 20 जनवरी (मंगलवार) को मुखबिर से प्राप्त पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जोरापाली चौक में दबिश दी। मौके पर ग्राम धनांगर निवासी गंगाधर सारथी, पिता स्व. धरम सिंह सारथी, उम्र 43 वर्ष, को सट्टा-पट्टी लिखकर जुआ खेलाते हुए पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से कागज पर लिखी सट्टा पट्टी, नगद 900 रुपये, एक मोबाइल फोन एवं एक पेन जप्त किया गया।
इस संबंध में थाना कोतरारोड़ में आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2023 की धारा 6 एवं 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गंगाधर सारथी एक शातिर एवं आदतन अपराधी है, जो पूर्व में भी जुआ-सट्टा एवं अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियों में लिप्त रहा है। उसके विरुद्ध कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में जुआ-सट्टा, आबकारी अपराधों एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कुल 36 प्रकरण दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब सट्टा-पट्टी से जुड़े पूरे नेटवर्क और लिंक की गहन जांच कर रही है, ताकि इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके।
इस प्रभावी कार्रवाई में उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक संदीप कौशिक, चंद्रेश पाण्डेय, राजेश खाण्डे एवं टिकेश्वर पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *