September 24, 2026

24 घंटे में डबल चोरी कांड का खुलासा — नावापारा टेण्डा में घर और राशन दुकान से चोरी, तीन गिरफ्तार

0
IMG-20260225-WA0022.jpg

सोने-चांदी के जेवर सहित ₹45,100 की संपत्ति बरामद, चोरी का माल खरीदने वाला ज्वेलर्स भी दबोचा गया

रायगढ़, 25 फरवरी 2026।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम नावापारा टेण्डा में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक युवक, एक विधि से संघर्षरत बालक और चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

दोनों मामलों में चोरी गई कुल ₹45,100 की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है।

➡️ मकान से सोने-चांदी के जेवर पार

ग्राम नावापारा टेण्डा निवासी मनीष महंत (22 वर्ष) ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 21-22 फरवरी 2026 की रात अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर आलमारी से एक नग सोने का फुली, एक जोड़ी चांदी की पायल और दो नग चांदी की बिछिया चोरी कर ली।

इस पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

➡️ राशन दुकान का दरवाजा तोड़कर ₹15 हजार का सामान चोरी

इसी गांव में संचालित संजय महाराज राशन दुकान के संचालक संजय शर्मा (50 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर साबुन, तेल, क्रीम, पेस्ट, हेयर ऑयल, शैम्पू, फेसवॉश, सीएफएल बल्ब, टिफिन बॉक्स सहित करीब ₹15,000 का सामान चोरी कर लिया गया।

इस मामले में अपराध क्रमांक 64/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

➡️ संदेह के आधार पर पकड़े गए आरोपी

थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी करते हुए संदेह के आधार पर ओमप्रकाश अगरिया उर्फ चकदे (25 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपी ओमप्रकाश ने चोरी की चांदी की पायल को बसीर कॉलोनी स्थित आर.जी. ज्वेलर्स के संचालक गौतम मंडल (40 वर्ष) को बेचने की बात कबूली। पुलिस ने ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर लिया।

➡️ शत-प्रतिशत बरामदगी

पुलिस ने:
✔️ सोने का फुली
✔️ दो नग चांदी की बिछिया
✔️ एक जोड़ी चांदी की पायल
✔️ चोरी से प्राप्त ₹1000 नगद
✔️ राशन दुकान का पूरा चोरी गया सामान

बरामद कर लिया है। मामले में धारा 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

➡️ न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

गिरफ्तार आरोपी:

1. ओमप्रकाश अगरिया उर्फ चकदे (25 वर्ष)

2. गौतम मंडल (40 वर्ष)

3. एक विधि से संघर्षरत बालक

तीनों को सक्षम न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

👉 एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है:

“संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी का माल खरीदने-बेचने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ पुलिस त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

🔎 इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविन्द पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल, उधव पटेल एवं स्थानीय सहयोगी कालिया गुप्ता की अहम भूमिका रही!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *