September 23, 2026

ऑपरेशन क्लीन हंट में घरघोड़ा पुलिस का शिकंजा, हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260905-WA0001.jpg

घर विवाद में बड़े भाई पर लोहे के टांगे से किया था हमला, करीब दो माह से चल रहा था फरार — गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा, वारदात में प्रयुक्त टांगा बरामद

रायगढ़/घरघोड़ा। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में करीब दो माह से फरार चल रहे आरोपी रूपधर राठिया (47), निवासी ग्राम चिमटापानी को पुलिस ने 4 सितंबर 2026 को उसके गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा भी बरामद किया है।

घर के बंटवारे को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को घर के बंटवारे को लेकर आरोपी रूपधर राठिया का अपने बड़े भाई महेत राम राठिया (50) से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रूपधर ने लोहे के टांगे से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया। हमले में महेत राम के सिर, सिर के पीछे और बायीं आंख के पास गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और घायल को डायल-112 की मदद से घरघोड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।

मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़ी गंभीर धाराएं

मामले में 4 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 216/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान आहत की मेडिकल रिपोर्ट और गवाहों के कथनों के आधार पर प्रकरण में धारा 109(2) बीएनएस जोड़ी गई।

घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

गांव लौटते ही पुलिस ने घेरा

एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने आरोपी की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया था। 4 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव चिमटापानी पहुंचा है।

सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि घटना के बाद वह काम की तलाश में बाहर चला गया था।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का टांगा बरामद कर जब्त किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इनकी रही अहम भूमिका

कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सतत पर्यवेक्षण में हुई।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, एएसआई डेविड टोप्पो एवं आरक्षक प्रदीप तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *