“ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई — उड़ीसा से गांजा तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार
29 किलो गांजा, रिट्ज कार व मोबाइल समेत 17.65 लाख की संपत्ति जब्त
‘पुष्पा’ स्टाइल में कार के दरवाजे और बैक लाइट में बनाए थे गुप्त चेंबर
लैलूंगा बॉर्डर के पाकरगांव में घेराबंदी कर धराए तस्कर
रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायगढ़ पुलिस ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 29.115 किलोग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 17 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है।
फिल्मी अंदाज में तस्करी की कोशिश
आरोपियों ने फिल्म Pushpa: The Rise की तर्ज पर कार के दरवाजों और बैक लाइट के अंदर विशेष गुप्त चेंबर बनाकर गांजा छुपाया था, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके। लेकिन होली के मद्देनज़र चौक-चौबंद व्यवस्था और सटीक मुखबिर सूचना के चलते पुलिस ने उनकी चालाकी नाकाम कर दी।
पाकरगांव में घेराबंदी, भागने की कोशिश नाकाम
दिनांक 1 मार्च 2026 को सूचना मिली कि चॉकलेट रंग की रिट्ज कार (CG-13-UG-9683) से दो व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर लैलूंगा की ओर आ रहे हैं। थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की। शाम करीब 6 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी कच्चे रास्ते की ओर भागने लगे। पुलिस की तत्परता से वाहन को रोककर दोनों को पकड़ लिया गया।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
1. श्रवण कुमार निषाद (34 वर्ष), निवासी कमरगा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
2. महेन्द्र प्रसाद चौहान (40 वर्ष), निवासी गमेकेला, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़
पूछताछ में खुलासा हुआ कि रामकुमार कुजूर, निवासी महेशपुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर, ने प्रति 10 किलो गांजा पर 10 हजार रुपये देने का लालच देकर तस्करी के लिए भेजा था। फरार आरोपी के खिलाफ भी नामजद अपराध दर्ज कर उसकी तलाश जारी है।
जब्ती का विवरण
श्रवण कुमार निषाद से 19.033 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 9.50 लाख रुपये)
महेन्द्र प्रसाद चौहान से 10.082 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 5 लाख रुपये)
मारुति सुजुकी रिट्ज कार (कीमत लगभग 3 लाख रुपये)
एक सैमसंग मोबाइल (कीमत लगभग 10,000 रुपये)
एक वीवो मोबाइल (कीमत लगभग 5,000 रुपये)
कुल जब्ती: ₹17,65,000/-
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
थाना लैलूंगा में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 69/2026, धारा 20(B), 29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई राजेश दर्शन, आरक्षक जितेंद्र कुर्रे, मन्नू खड़िया तथा साइबर थाना के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुज्जर सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
कार्रवाई के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा —
“रायगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आरोपियों, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।”
रायगढ़ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है, वहीं होली पर्व से पूर्व जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सतर्कता भी स्पष्ट रूप से सामने आई है।
- घरघोड़ा में पहली बार सरसों खरीदी की शुरुआत, PM-आशा योजना से किसानों को मिली राहत - April 17, 2026
- तमनार में बड़ी पुलिस कार्रवाई, “अपना ढाबा” से 160 लीटर अवैध डीजल जब्त, संचालक गिरफ्तार - April 17, 2026
- घरघोड़ा में गूंजा नाम—आव्या सिंह ने CBSE 10वीं में किया धमाका, 99 अंकों से रचा इतिहास - April 17, 2026
