केलो विहार में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने संचालक को दबोचा!
ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिस पाइंटर ने खोली अनैतिक कारोबार की पोल
गुप्त सूचना पर पुलिस की घेराबंदी, युवती से कराया जा रहा था देह व्यापार; आरोपी के कब्जे से ₹2 हजार नकद और मोबाइल जब्त
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चक्रधरनगर पुलिस की दबिश, अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की चार धाराओं में अपराध दर्ज
रायगढ़। शहर में किराये के मकान की आड़ में कथित तौर पर अनैतिक देह व्यापार का कारोबार संचालित किए जाने का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने केलो विहार स्थित एक मकान में योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर कथित संचालक गोविंद साहू (52 वर्ष), निवासी बोईरदादर विजयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से प्राप्त ₹2,000 नकद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 18 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
✨ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिस पाइंटर, संकेत मिलते ही चारों तरफ से घेर लिया मकान
पुलिस ने इस कार्रवाई को पूरी गोपनीयता के साथ अंजाम दिया। एक पुलिस पाइंटर को ग्राहक बनाकर मकान के भीतर भेजा गया। निर्धारित संकेत मिलते ही बाहर तैनात पुलिस टीम ने तत्काल मकान की घेराबंदी कर दबिश दे दी। पुलिस की अचानक कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला, वहीं एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिलीं।
पुलिस के मुताबिक युवती से पूछताछ में आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक गतिविधि के लिए लाने की बात सामने आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹2,000 नकद और मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
⚡चार धाराओं में अपराध दर्ज, पुलिस की सख्त कार्रवाई
चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की है।
✨इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग, साहू, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं महिला आरक्षक प्रीति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
⚡एसएसपी का दो टूक संदेश—अवैध और अनैतिक गतिविधियों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अनैतिक देह व्यापार, मानव तस्करी और महिलाओं के शोषण जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
✨ऑपरेशन अंकुश के तहत रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध कारोबारियों के लिए अब किराये के मकान की आड़ भी सुरक्षित ठिकाना नहीं है।
- अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त - November 19, 2026
- निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण, गुणवत्ता पर भी रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर - November 19, 2026
- केलो विहार में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने संचालक को दबोचा! - November 19, 2026
