पटवारियों के समर्थन में कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का हुंकार, 3% महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने की मांग
घरघोड़ा में कर्मचारियों ने निकाली जोरदार रैली, तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा दो सूत्रीय ज्ञापन
पटवारियों पर दंडात्मक कार्रवाई निरस्त करने और लंबित महंगाई भत्ते के भुगतान को लेकर शासन को चेतावनी, मांगें नहीं मानी गईं तो चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी
घरघोड़ा। छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेशव्यापी मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में बुधवार को घरघोड़ा में कर्मचारी-अधिकारियों ने एकजुटता दिखाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार घरघोड़ा के माध्यम से दो सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
फेडरेशन के घरघोड़ा संयोजक संतोष कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों में एक साथ ज्ञापन सौंपकर शासन का ध्यान कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों की ओर आकर्षित कराया जा रहा है।
✨पटवारियों के समर्थन में उतरा फेडरेशन, कार्रवाई निरस्त करने की मांग
फेडरेशन की पहली प्रमुख मांग राजस्व पटवारी संघ के अनिश्चितकालीन आंदोलन का सम्मानजनक समाधान निकालने तथा आंदोलन के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल निरस्त करने की है। फेडरेशन का कहना है कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से होना चाहिए, न कि दंडात्मक कार्रवाई के जरिए। ज्ञापन में एसीबी कार्रवाई सहित अन्य कार्रवाइयों को लेकर भी कर्मचारियों में व्याप्त असंतोष का उल्लेख किया गया।
⚡3 प्रतिशत महंगाई भत्ते पर आर-पार की मांग
दूसरी प्रमुख मांग प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत केंद्र सरकार के समान देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की है। फेडरेशन का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को उनका वाजिब आर्थिक लाभ नहीं मिलना चिंता का विषय है। केंद्र और राज्य के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में अंतर से प्रदेश के कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है।
🛑कर्मचारी भवन से तहसील कार्यालय तक निकली रैली
बुधवार दोपहर 4:30 बजे कर्मचारी भवन घरघोड़ा में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी एकत्रित हुए। यहां से सभी ने एकजुट होकर रैली निकाली और तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार घरघोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की।
⚡आंदोलन की चेतावनी भी दी
फेडरेशन ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया है कि संगठन शासन और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संवाद का पक्षधर है, लेकिन यदि दोनों सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
✨ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
इस अवसर पर आशीष शर्मा, रोहित डनसेना, अश्वनी दर्शन, विनोद मेहर, सर्वेश मरावी, ऋषि केश साहू, वरुण गुप्ता, सूरज पैंकरा, खेमसागर पैंकरा, संजय पंडा, विजय पंडा, हरिश्चंद्र बेहरा, सुरेंद्र होता, गौकरण वैष्णव, अजय कुमार, फागूलाल रात्रे, धर्मेंद्र साहू, श्वेता केशरवानी, संतोष चौहान, बाबूलाल धृतलहरे, गणेश्वर श्याम, विजया पंडा, जनक सुनहरे, संजीव राजहंस, कैलाश पटेल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
- अवैध धान भंडारण पर कार्रवाई, दो गोदामों से 965 कट्टा धान जब्त - November 19, 2026
- निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में करें पूर्ण, गुणवत्ता पर भी रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर - November 19, 2026
- केलो विहार में किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, पुलिस ने संचालक को दबोचा! - November 19, 2026
