ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर रायगढ़ पुलिस का कड़ा प्रहार — खरसिया पुलिस ने सट्टा खाईवाल को किया गिरफ्तार
भारत–वेस्टइंडीज मैच पर मोबाइल एप के जरिए लगवा रहा था दांव, मोबाइल व नगदी जब्त
एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में कार्रवाई, पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू भी नामजद
एसएसपी शशि मोहन सिंह की दो टूक — ऑनलाइन सट्टा और जुए के कारोबार को जड़ से खत्म किया जाएगा
रायगढ़।जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और जुए के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही रायगढ़ पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत खरसिया थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे सट्टा खाईवाल को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छोटे मुड़पार क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से भारत–वेस्टइंडीज क्रिकेट मैच पर रुपए-पैसे का दांव लगवाकर ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई उमाशंकर धृतांत एवं पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी।
मौके पर ही दांव दर्ज करते पकड़ा गया आरोपी
दबिश के दौरान संदेही मुकेश अग्रवाल (30 वर्ष), पिता स्व. इन्द्र कुमार अग्रवाल, निवासी कानाकोट थाना डभरा जिला सक्ती को मोबाइल फोन के जरिए सट्टा लगाने वालों से संपर्क कर दांव दर्ज करते हुए पाया गया। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से एक विवो कंपनी का एंड्रायड मोबाइल फोन जब्त किया गया। जांच में मोबाइल के क्रोम ब्राउज़र में “toni 0121” लिंक और “Roni” पासवर्ड के जरिए क्रिकेट सट्टे का अंक व रकम दर्ज पाई गई। इसके अतिरिक्त सट्टा से संबंधित ₹4000 नगद राशि भी बरामद की गई।
पार्टनर की तलाश जारी
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसका पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू उसे उक्त लिंक व पासवर्ड उपलब्ध कराता था। सट्टे से प्राप्त रकम फोनपे अथवा नगद के माध्यम से पार्टनर को भेजी जाती थी।
मामले में थाना खरसिया में आरोपी मुकेश अग्रवाल एवं उसके पार्टनर सतीश अग्रवाल उर्फ भुडू के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार पार्टनर की तलाश जारी है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा —
“रायगढ़ जिले में ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सट्टा नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।”
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टा संचालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध सट्टा या जुए की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
- घरघोड़ा में पहली बार सरसों खरीदी की शुरुआत, PM-आशा योजना से किसानों को मिली राहत - April 17, 2026
- तमनार में बड़ी पुलिस कार्रवाई, “अपना ढाबा” से 160 लीटर अवैध डीजल जब्त, संचालक गिरफ्तार - April 17, 2026
- घरघोड़ा में गूंजा नाम—आव्या सिंह ने CBSE 10वीं में किया धमाका, 99 अंकों से रचा इतिहास - April 17, 2026
