खरसिया के परासकोल में युवक हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
उधारी के 3000 रुपये के विवाद में की गई थी हत्या, आरोपी ने जुर्म कबूला
एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम की मदद से खरसिया पुलिस ने सुलझाया मामला
घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोटरसाइकिल जब्त
एसएसपी शशि मोहन सिंह का दो टूक संदेश — “जघन्य अपराधियों के लिए रायगढ़ में कोई स्थान नहीं”

रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम परासकोल में युवक की अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35 वर्ष), पिता स्व. प्यारेलाल चौहान, निवासी ग्राम परासकोल के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ एवं डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मृतक के शरीर पर पेट, गले एवं अन्य हिस्सों में धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए।
मृतक की बहन खुशबू चौहान ने पुलिस को बताया कि रात में सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उस समय किसी ने ध्यान नहीं दिया। अगले दिन सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। थाना खरसिया में मर्ग क्रमांक 28/26 धारा 194 बीएनएसएस दर्ज कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 86/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मृतक और ग्राम बगबुडवा निवासी राहुल यादव के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। संदेह के आधार पर पुलिस ने राहुल यादव (20 वर्ष), पिता भुजबल यादव, निवासी बगबुडवा खरसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, किंतु सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि दो माह पूर्व उसने नौकरी लगवाने की बातचीत के एवज में मृतक को 3000 रुपये दिए थे। रकम वापस मांगने पर विवाद बढ़ गया और 28 फरवरी की रात कन्या छात्रावास के पास चाकू से कई वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मोटरसाइकिल पैशन प्रो क्रमांक सीजी-13-व्ही-8933 से घर लौट गया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े एवं मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी राजेश जांगड़े, खरसिया थाना स्टाफ, साइबर थाना टीम एवं पुलिस डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —
“रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ हर हाल में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
- घरघोड़ा में पहली बार सरसों खरीदी की शुरुआत, PM-आशा योजना से किसानों को मिली राहत - April 17, 2026
- तमनार में बड़ी पुलिस कार्रवाई, “अपना ढाबा” से 160 लीटर अवैध डीजल जब्त, संचालक गिरफ्तार - April 17, 2026
- घरघोड़ा में गूंजा नाम—आव्या सिंह ने CBSE 10वीं में किया धमाका, 99 अंकों से रचा इतिहास - April 17, 2026
