March 27, 2026

ऑपरेशन प्रहार : रायगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध कबाड़ माफिया पर करारा प्रहार — 1.15 करोड़ की संपत्ति जप्त

IMG-20260309-WA0001.jpg

रायगढ़। जिले में औद्योगिक क्षेत्रों से हो रही चोरी और अवैध कबाड़ के काले कारोबार पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ माफिया की कमर तोड़ दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस ने एक ही दिन में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध स्क्रैप और कई वाहन जप्त किए हैं।

पुलिस ने घेराबंदी कर 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन पकड़े, जिनमें करीब 134 टन लोहे का कबाड़ भरा हुआ था। वाहन चालकों से जब परिवहन के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। संदेह के आधार पर पुलिस ने सभी वाहनों सहित स्क्रैप को जप्त कर लिया।

इस कार्रवाई में लगभग 50 लाख 75 हजार रुपये कीमत का कबाड़ और करीब 65 लाख रुपये कीमत के वाहन जप्त किए गए। कुल मिलाकर पुलिस ने 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति अपने कब्जे में ली है।

🔎 मिनी राइस मिल में भी पुलिस की दबिश
कार्रवाई के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिनी राइस मिल, पूंजीपथरा में छापा मारा, जहां बड़ी मात्रा में मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहा डंप कर रखा गया था। पुलिस ने यहां से करीब 3.5 टन सामग्री जप्त की, जिसकी कीमत 76,560 रुपये आंकी गई है। मौके पर मौजूद प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी (43 वर्ष) कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

⚖️ कानूनी कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ BNSS की धारा 35(क)(ड) और BNS की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई की है।

⚠️ एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि औद्योगिक क्षेत्रों में चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विजय एक्का, प्रधान आरक्षक विनीत तिर्की, सतीश सिंह, राम प्रसाद यादव, नंद साय कंवर तथा आरक्षक अभिषेक द्विवेदी, विक्रम कुजूर, हेम सागर पटेल और आदिकंद प्रधान की अहम भूमिका रही|