जुआ कार्रवाई में लापरवाही पर एसएसपी सख्त, चौकी प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जुआ कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर बड़ी कार्रवाई की है। चौकी रैरूमाखुर्द के चौकी प्रभारी एएसआई बृज किशोर गिरी तथा बीट के प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण केंवट को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह को 11 मार्च को चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र के बरपाली जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस संबंध में जब चौकी प्रभारी से जानकारी ली गई तो उनके द्वारा मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद रक्षित केंद्र, थाना घरघोड़ा तथा रैरूमाखुर्द पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जुआ पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मौके से चार जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से 5 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल फोन और ₹10,600 नकद जप्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है।
मामले की जांच में पाया गया कि चौकी प्रभारी और संबंधित बीट आरक्षक द्वारा क्षेत्र में सूचना संकलन और निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती गई। इसे देखते हुए एसएसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल लाइन अटैच कर दिया।
वहीं, थाना पूंजीपथरा में पदस्थ उपनिरीक्षक विजय एक्का को चौकी रैरूमाखुर्द का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि किसी भी थाना या चौकी क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब या अन्य अवैध गतिविधियां संचालित होने पर संबंधित प्रभारी की जवाबदेही तय करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जुआ-सट्टा तथा ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








