“ऑपरेशन प्रहार” में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध कबाड़ परिवहन पर शिकंजा, 83.52 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। पूंजीपथरा और पुसौर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 6 वाहनों से करीब 130 टन स्क्रैप और आयरन पेललेट्स सहित कुल 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस को अवैध कबाड़ परिवहन की सूचना मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आर्यन फ्यूल के सामने पुसौर-सरिया मार्ग पर चेकिंग के दौरान दो टाटा 1512 वाहनों को रोका। जांच में वाहनों में करीब 19 टन लोहे का स्क्रैप लदा मिला। वाहन चालकों द्वारा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने दोनों वाहनों सहित स्क्रैप जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

इसी क्रम में आज सुबह पूंजीपथरा थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना पर तमनार चौक और महुआ चौक तुमीडीह में घेराबंदी कर उड़ीसा की ओर से रायगढ़ आ रहे चार भारी वाहनों को रोका। जांच में तीन ट्रकों में आयरन पेललेट्स तथा एक ट्रक में करीब 25 टन स्क्रैप लोहे के छड़ और मशीनरी पार्ट्स लदे मिले। चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिस पर पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर चालकों के विरुद्ध धारा 35(क), (ड) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
पुलिस की इन कार्रवाइयों में 3 ट्रकों से लगभग 86 टन आयरन पेललेट्स तथा 1 ट्रक और 2 टाटा वाहनों से करीब 44 टन लोहे का स्क्रैप जब्त किया गया। इसके अलावा अवैध परिवहन में प्रयुक्त 6 वाहनों की अनुमानित कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल मिलाकर 83 लाख 52 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है।
➤ पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में चार ट्रकों से बड़ी मात्रा में आयरन पेललेट्स और स्क्रैप बरामद किया गया। जब्त किए गए वाहनों के चालक ओडिशा, दुर्ग और बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
➤ पुसौर पुलिस की कार्रवाई
पुसौर थाना क्षेत्र में दो टाटा 1512 वाहनों से कुल 17 टन स्क्रैप जब्त किया गया। दोनों चालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है।
➤ एसएसपी का सख्त संदेश
इस संबंध में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि
“रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर पुलिस की कड़ी नजर है। बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप या धातु सामग्री का परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।”
- बड़ी प्रशासनिक सर्जरी : रजत बंसल बने मुख्यमंत्री के नए ‘खास’, जनसंपर्क और संवाद की भी कमान.. - March 26, 2026
- किराया विवाद में खूनी हमला — पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार - March 26, 2026
- “सरकारी नौकरी” का झांसा, 20 लाख से ज्यादा की ठगी — दुर्ग से महाठग गिरफ्तार, एक फरार - March 26, 2026
