जिले में गैस सिलेण्डर की पर्याप्त उपलब्धता, ऑनलाइन बुकिंग के दिन ही सिलेण्डर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश
रायगढ़/ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने जिले में संचालित समस्त गैस एजेंसी संचालकों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में खाद्य विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले की सभी गैस एजेंसियों में घरेलू गैस सिलेण्डर की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि जिले में पंजीकृत समस्त घरेलू गैस उपभोक्ताओं की आवश्यकता के अनुरूप एजेंसियों में सिलेण्डर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
अपर कलेक्टर टोप्पो ने एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया कि विशेषकर शहरी क्षेत्रों में गैस प्राप्त करने हेतु उपभोक्ताओं की लगने वाली लंबी कतारों को व्यवस्थित एवं नियंत्रित किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि उपभोक्ताओं द्वारा ऑनलाइन बुकिंग अथवा डीएससी जिस दिनांक को सफल होती है, उसी दिनांक को अनिवार्य रूप से गैस सिलेण्डर का वितरण किया जाए। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अनावश्यक रूप से परेशान न हों। जिले में गैस सिलेण्डर की पर्याप्त उपलब्धता है तथा ऑनलाइन गैस सिलेण्डर बुकिंग की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
अपर कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन द्वारा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल कक्ष भी स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के समाधान के लिए टोल-फ्री दूरभाष नंबर 07762-319962 जारी किया गया है। साथ ही नागरिकों से यह भी अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों में प्रसारित किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या तथ्यों से प्रभावित न हों।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
