March 27, 2026

रायगढ़ में ऑनलाइन सट्टे पर पुलिस की लगातार कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

IMG-20260324-WA0007.jpg

रायगढ़। जिले में ऑनलाइन सट्टा और जुआ के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए धरमजयगढ़ और कोतवाली थाना क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही मामलों में आरोपियों के मोबाइल फोन से सट्टा लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के मस्जिदपारा में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विरेन्द्र मिश्रा (36 वर्ष) मोबाइल के माध्यम से व्हाट्सएप पर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। जांच में उसके मोबाइल पर विभिन्न लोगों से अंकों और पैसों का लेन-देन पाया गया। पूछताछ में आरोपी ने फोन पे और व्हाट्सएप के जरिए सट्टा खिलाना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और ₹870 नगद जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई की गई है।

इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र के ढिमरापुर पुरानी बस्ती में पुलिस ने श्यामलाल भास्कर (55 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह अपने मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप पर सट्टा पट्टी लिखकर जुआ संचालित कर रहा था। पूछताछ में उसने सहनावाज मालिक उर्फ सानु के लिए कमीशन पर काम करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन, ₹1750 नगद और सट्टा पट्टी जब्त की है। इस मामले में श्यामलाल भास्कर और सहनावाज मालिक उर्फ सानु के खिलाफ धारा 6(क) और 7(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। सानु फिलहाल फरार है।

दोनों मामलों में पुलिस को डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर पूरे सट्टा नेटवर्क की जांच की जा रही है। अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी गई है।

👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा जैसे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।