अतिक्रमणों पर राजस्व विभाग की बड़ी कार्यवाही, बड़े रामपुर में फेब्रिकेशन दुकान हटाकर भूमि कराई मुक्त
छातामुड़ा में अवैध सड़क को हटाकर नाले का प्रवाह किया गया बहाल
सांगीतराई में तोड़ी गई अवैध बाउंड्रीवाल, अभियान रहेगा सतत जारी
रायगढ़। रायगढ़ शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण के मामलों पर कठोर रुख अपनाते हुए आज तहसील रायगढ़ एवं तहसील पुसौर में राजस्व विभाग द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाते हुए बेदखली की कार्यवाही की गई।
नगर निगम सीमा से लगे ग्राम बड़े रामपुर में शासकीय भूमि रकबा 07 डिसमिल पर अनाधिकृत रूप से संचालित फेब्रिकेशन दुकान को ध्वस्त किया गया तथा मुख्य सड़क मार्ग से लगी लगभग 10 डिसमिल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। ग्राम सांगीतराई में स्थानीय नागरिकों से प्राप्त शिकायत के आधार पर खसरा नंबर 382, रकबा 0.243 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अनुभव बिल्डर्स द्वारा की जा रही अवैध बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त किया गया।
तहसील पुसौर के ग्राम छातामुड़ा में भूमिस्वामी ओंकार सिंह बग्गा द्वारा अपने भूमिस्वामी हक से लगी शासकीय भूमि पर कालोनाइजेशन के उद्देश्य से सड़क निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था। खसरा नंबर 252 अंतर्गत लगभग 2400 वर्गफुट भूमि पर किए गए इस अतिक्रमण के कारण एक प्राकृतिक नाले का प्रवाह भी अवरुद्ध हो रहा था। जनशिकायत के आधार पर राजस्व विभाग ने उक्त अवैध सड़क को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया तथा नाले का प्रवाह बहाल किया।
इसी प्रकार तहसील पुसौर के ग्राम लोहरसिंग में राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी शासकीय भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से एक निजी व्यक्ति द्वारा प्रीकास्ट वॉल खड़ी की गई थी। उक्त अतिक्रमण को भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ध्वस्त कर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की संभावना को समाप्त किया गया। अभियान के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महेश शर्मा, तहसीलदार रायगढ़ शिव कुमार डनसेना एवं नायब तहसीलदार रायगढ़ हरनंदन बंजारे सहित राजस्व विभाग की टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने बताया कि शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं अतिक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।
- घरघोड़ा में पहली बार सरसों खरीदी की शुरुआत, PM-आशा योजना से किसानों को मिली राहत - April 17, 2026
- तमनार में बड़ी पुलिस कार्रवाई, “अपना ढाबा” से 160 लीटर अवैध डीजल जब्त, संचालक गिरफ्तार - April 17, 2026
- घरघोड़ा में गूंजा नाम—आव्या सिंह ने CBSE 10वीं में किया धमाका, 99 अंकों से रचा इतिहास - April 17, 2026
