लैलूंगा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई — अपहृत किशोर सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। थाना लैलूंगा क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर के अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में बालक को सकुशल बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी की पहचान राजेश गुप्ता (36 वर्ष), निवासी ग्राम टटकेला, के रूप में हुई है, जो पीड़ित परिवार का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
घटना 2 अप्रैल की रात की है, जब आरोपी शराब के नशे में पीड़ित के घर जबरन घुसा और किशोर को जगाकर उसके पिता के बारे में पूछताछ करने लगा। पिता के घर पर न होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने किशोर को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने महिला को धमकाते हुए कहा कि “लड़के को ले जा रहा हूं, उसका बाप 10,000 रुपये लेकर मेरे पास आए”, साथ ही किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद जब पीड़िता गांव वालों के साथ थाना रिपोर्ट करने जा रही थी, तब आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर टक्कर मारने की कोशिश की। ग्राम कुंजारा के पास उनकी वेगनआर कार को टक्कर मारी गई और बाद में थाना के नजदीक उनकी इको कार को भी पीछे से टक्कर मारकर आरोपी फरार हो गया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 331(2), 137(2), 351(3), 281 बीएनएस एवं 184, 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन के नेतृत्व में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अपहृत किशोर को ग्राम कुंजारा और सारसमाल के बीच सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को उसके TUV वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपहरण जैसे गंभीर अपराधों में पुलिस की कार्रवाई और भी तेज और सख्त रहेगी। उन्होंने कहा कि “आमजन की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”
👉 लैलूंगा पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
- अदाणी पॉवर और अदाणी फाउंडेशन की ‘युवा सेतु’ पहल से ग्रामीण युवाओं को मिली नई उड़ान 10 गांवों के 132 युवाओं ने लिया हिस्सा, करियर, व्यक्तित्व विकास और कौशल प्रशिक्षण पर मिला विशेष मार्गदर्शन - June 16, 2026
- जिला पंचायत में योजनाओं की प्रगति की हुई विस्तृत समीक्षा - June 15, 2026
- जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने अफसरों को लगाई फटकार - June 15, 2026
