“रेलवे स्टेशन के बाहर 18 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार” — ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
🚨 ओडिशा से मध्यप्रदेश सप्लाई होने जा रहा था गांजा, बैग और ट्रॉली में छिपाकर कर रहे थे तस्करी
🚨 कोतवाली, साइबर और जीआरपी की संयुक्त रेड — 17.726 किलो गांजा, मोबाइल फोन समेत 1.79 लाख की संपत्ति जब्त
🚨 रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर शिव मंदिर के पास धराए आरोपी, खुरई में खपाने की थी तैयारी
🚨 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश — “नशे के कारोबारियों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं”

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के अवैध कारोबारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में थाना कोतवाली, साइबर सेल और रेल्वे पुलिस की संयुक्त टीम ने रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के तीन तस्करों को करीब 18 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 17.726 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 79 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग क्षेत्र स्थित शिव मंदिर के पास पीपल पेड़ के नीचे तीन संदिग्ध बैग लेकर बैठे हैं और किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली, साइबर थाना और जीआरपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सिद्धांत गोन्डा (28), कश्यप साहनी (45) और चंद्रिका साहनी (40) निवासी जिला कंधमाल, ओडिशा के रूप में बताई। तलाशी के दौरान एक बैग से 6.382 किलो, ट्रॉली बैग से 8.084 किलो और दूसरे बैग से 3.304 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के कंधमाल जिले से गांजा खरीदकर मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री के लिए ले जा रहे थे। रायगढ़ पहुंचने के बाद आगे जाने के लिए वाहन तलाश रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों के पास गांजा परिवहन का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई। अभियान में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, साइबर प्रभारी विजय चेलक, जीआरपी निरीक्षक कुलदीप कुमार, उप निरीक्षक डी.के. सिंह, ए.के. देवांगन सहित कोतवाली, साइबर और रेलवे पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।
👉 गिरफ्तार आरोपी :
▪️ सिद्धांत गोन्डा, निवासी कंधमाल (ओडिशा)
▪️ कश्यप साहनी, निवासी कंधमाल (ओडिशा)
▪️ चंद्रिका साहनी, निवासी कंधमाल (ओडिशा)
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश :
“ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस नशे के अवैध कारोबारियों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है। जिले में नशे का नेटवर्क चलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।”
- महुआ के नशे पर पुलिस का प्रहार: कुडुमकेला में छापा, 26 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला गिरफ्तार - May 30, 2026
- आंगनबाड़ी में मासूमों को पिलाया जा रहा आयरनयुक्त दूषित पानी! स्वास्थ्य पर मंडरा रहा गंभीर खतरा छैडोरिया गांव की आंगनबाड़ी में पेयजल संकट, बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सेहत से हो रहा खिलवाड़ - May 30, 2026
- सत्ता की हनक या दफ्तरशाही का घमंड? सरगुजा में ‘खादी’ और ‘अधिकारी’ के बीच हाई-वोल्टेज दंगल!… FIR दर्ज… - May 28, 2026
