“अपराधियों पर शिकंजा, नशे और साइबर फ्रॉड पर सख्ती” — एसएसपी शशि मोहन सिंह की क्राइम मीटिंग में थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश
रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों एवं शाखा प्रमुखों की महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था, लंबित अपराधों, ऑपरेशन आघात, ऑपरेशन तलाश और सामाजिक पुलिसिंग को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में लंबित गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, महिला सुरक्षा, साइबर फ्रॉड, जुआ-सट्टा, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और थाना क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्राइम मीटिंग में “ऑपरेशन तलाश” के तहत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस टीमों को दूसरे राज्यों में भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं “ऑपरेशन आघात” के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त निगरानी रखने तथा ओडिशा से आने वाले गांजा नेटवर्क को हर हाल में तोड़ने कहा गया।
एसएसपी ने थाना प्रभारियों को ढाबों में अवैध शराब बिक्री, धर्मकांटा की आड़ में चल रहे संदिग्ध कबाड़ कारोबार और ऑनलाइन सट्टे पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर “विजुअल पुलिसिंग” मजबूत करने, लगातार पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और बीट सिस्टम सक्रिय रखने कहा गया ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और असामाजिक तत्वों में पुलिस का भय कायम रहे।
बैठक में लंबित मर्ग, गुम इंसान, निगरानी बदमाशों के सत्यापन, महिला सुरक्षा अभियान, साइबर जागरूकता और ट्रैफिक अभियान की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने राजपत्रित अधिकारियों को अधीनस्थ थानों की नियमित मॉनिटरिंग करने और बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
👉🏻 एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश :
“अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और पुलिसिंग की गुणवत्ता में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








