May 30, 2026

“स्कॉर्पियो में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर हो रही थी गौवंश तस्करी, ‘ऑपरेशन तलाश’ में रायगढ़ पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा”

IMG-20260509-WA0007.jpg

रायगढ़ । रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” के तहत गौवंश तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना भूपदेवपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क कार्रवाई के आधार पर दो गौ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है, जो स्कॉर्पियो वाहन में गौवंश को क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाने की साजिश में शामिल थे।

घटना 28-29 अप्रैल की दरम्यानी रात की है, जब भूपदेवपुर पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम कछार क्षेत्र में लाल रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो में मवेशियों को भरकर ले जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की। पुलिस और डॉयल-112 वाहन को देखकर तस्कर तेजी से भागने लगे, लेकिन खेत की मेड़ में वाहन फंस जाने पर आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें दो गौवंश अमानवीय स्थिति में मिले। उनके पैर बांधे गए थे और बिना चारा-पानी के उन्हें ठूंसकर रखा गया था। पुलिस ने तत्काल गौवंश को मुक्त कर सुरक्षित बाहर निकाला। मौके से एक रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि तस्करों ने पहचान छिपाने के लिए स्कॉर्पियो में मोटरसाइकिल का फर्जी नंबर प्लेट लगाया था। वाहन के इंजन, चेसिस नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ग्राम कछार निवासी परशुराम राणा और यादराम राठिया तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने हेमसागर सारथी के साथ मिलकर ओडिशा के संपर्कों के जरिए गौवंश को बूचड़खाने पहुंचाने की योजना स्वीकार की।

थाना भूपदेवपुर में पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मुक्त कराए गए गौवंशों का पशु चिकित्सकीय परीक्षण कराकर उनके चारा-पानी की समुचित व्यवस्था भी कराई गई।

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एसडीओपी प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय नाग, पुलिस स्टाफ और डॉयल-112 टीम की सक्रिय भूमिका से संपन्न हुई।

👉🏻 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश :
“गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता जैसे अपराधों में शामिल लोगों पर ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।”