मोबाइल से चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का खेल, “ऑपरेशन अंकुश” में रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
बर्तन दुकान में मोबाइल और डिजिटल पेमेंट के जरिए खिलाया जा रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, नगदी 18,400 रुपये और 4 मोबाइल जब्त
पूंजीपथरा पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त दबिश, पुलिस को देखते ही फरार हुआ नेटवर्क का मुख्य खाईवाल

📍 रायगढ़ । जिले में ऑनलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम गेरवानी में दबिश देकर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य खाईवाल मौके से फरार हो गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गेरवानी स्थित एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल फोन के जरिए हार-जीत का ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल तथा सुरेश अग्रवाल को सट्टा खिलाते हुए पकड़ा।
जांच के दौरान आरोपी मोबाइल फोन और डिजिटल भुगतान प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते पाए गए। पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और 17 हजार रुपये नगद तथा आरोपी सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल और 1,400 रुपये बरामद कर कुल 18,400 रुपये नकद एवं 4 मोबाइल फोन जप्त किए।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अलग-अलग स्थानों से मोबाइल फोन और बारकोड पेमेंट सिस्टम के जरिए क्रिकेट सट्टा संचालित करते थे तथा सट्टे की रकम ग्राम गेरवानी निवासी रामफल अग्रवाल तक पहुंचाई जाती थी, जो पूरे नेटवर्क का मुख्य खाईवाल बताया जा रहा है। पुलिस टीम की दबिश के दौरान रामफल अग्रवाल मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
थाना पूंजीपथरा में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
👉🏻 गिरफ्तार आरोपी
▪️ श्याम कुमार अग्रवाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़
▪️ सुरेश अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, रायगढ़
👉🏻 फरार आरोपी
▪️ रामफल अग्रवाल, निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, नंद कुमार सारथी, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, बृजलाल गुर्जर तथा आरक्षक प्रशांत पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवार, हेमसागर पटेल और आदिकंद प्रधान की सराहनीय भूमिका रही।
👉🏻 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश —
“रायगढ़ पुलिस ऑनलाइन और ऑफलाइन जुआ-सट्टा के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप और अन्य माध्यमों से अवैध सट्टा संचालित करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन भी ऐसे अपराधों की सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।”
- महुआ के नशे पर पुलिस का प्रहार: कुडुमकेला में छापा, 26 लीटर कच्ची शराब के साथ महिला गिरफ्तार - May 30, 2026
- आंगनबाड़ी में मासूमों को पिलाया जा रहा आयरनयुक्त दूषित पानी! स्वास्थ्य पर मंडरा रहा गंभीर खतरा छैडोरिया गांव की आंगनबाड़ी में पेयजल संकट, बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सेहत से हो रहा खिलवाड़ - May 30, 2026
- सत्ता की हनक या दफ्तरशाही का घमंड? सरगुजा में ‘खादी’ और ‘अधिकारी’ के बीच हाई-वोल्टेज दंगल!… FIR दर्ज… - May 28, 2026
