घरघोड़ा नगर पंचायत में बढ़ा असंतोष : CMO पर अभद्र व्यवहार और लापरवाही के गंभीर आरोप
भोलू उरांव सहित पार्षदों ने कलेक्टर को सौंपा शिकायत पत्र, पेयजल संकट पर भी जताई नाराजगी
📍 घरघोड़ा |
घरघोड़ा नगर पंचायत में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। नगर पंचायत की CMO पुष्पा खलखो पर जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार, समस्याओं की अनदेखी और जनता को राहत नहीं देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष भोलू उरांव, वार्ड पार्षदों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर रायगढ़ को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि नगर पंचायत कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जाता। CMO द्वारा कथित तौर पर पार्षदों को अपने चेंबर में आने से रोका जाता है और कर्मचारियों के माध्यम से ही बात करने के निर्देश दिए जाते हैं। इस रवैये से पार्षदों और जनप्रतिनिधियों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 03 के पार्षद भोलू उरांव एवं आकाश लहरे ने बताया कि 11 अप्रैल 2026 को वे जल कनेक्शन संबंधी समस्या को लेकर CMO से मिलने पहुंचे थे, लेकिन वहां उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और चेंबर से बाहर जाने के लिए कहा गया। आरोप है कि जनता की समस्याओं को लेकर पहुंचे प्रतिनिधियों को गंभीरता से सुनने के बजाय अपमानित किया जा रहा है।
वहीं शिकायत पत्र में नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 03 एवं 04 में पिछले तीन महीनों से बने पेयजल संकट का भी उल्लेख किया गया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में लोग पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समाधान निकालने में रुचि नहीं दिखा रहे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत में आम जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण नहीं हो रहा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की स्थिति बन सकती है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर नगर में चर्चा तेज हो गई है और अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि शिकायत के बाद क्या कार्रवाई होती है।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
