June 11, 2026

पुसौर में उर्वरक कारोबारियों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन

IMG-20260409-WA0005.jpg

अग्रवाल खाद भंडार से 9 टन यूरिया जब्त, बाबा मोहनदास एग्रो शॉप पर 21 दिन का विक्रय प्रतिबंध

रायगढ़। खरीफ सीजन में किसानों को पर्याप्त और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिलेभर में चल रही सघन जांच के दौरान पुसौर क्षेत्र में दो उर्वरक दुकानों में गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं, जिसके बाद प्रशासन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक दुकान से 9 टन यूरिया जब्त कर लिया, जबकि दूसरी दुकान पर 21 दिनों का विक्रय प्रतिबंध लगा दिया गया।

🚨 अग्रवाल खाद भंडार, पुसौर में मिला भारी स्टॉक अंतर

संयुक्त जांच दल ने पुसौर स्थित अग्रवाल खाद भंडार का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में एचयूआरएल कंपनी का लगभग 09 टन यूरिया भौतिक रूप से भंडारित पाया गया।

जब अधिकारियों ने स्टॉक पंजी, विक्रय अभिलेख और पीओएस मशीन की एंट्री का मिलान किया तो उक्त यूरिया की कोई प्रविष्टि रिकॉर्ड में दर्ज नहीं मिली। जांच में वास्तविक भंडारण और अभिलेखों के बीच बड़ा अंतर सामने आया।

प्रथम दृष्टया मामला उर्वरक भंडारण एवं विक्रय नियमों के उल्लंघन का पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे 09 टन यूरिया को जब्त कर लिया तथा जप्ती पंचनामा तैयार कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

⚠️ बाबा मोहनदास एग्रो शॉप, पुसौर में भी मिली गंभीर गड़बड़ी

संयुक्त जांच दल ने पुसौर स्थित बाबा मोहनदास एग्रो शॉप का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान एसएसपी उर्वरक के स्टॉक का मिलान करने पर पीओएस एंट्री, स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक भंडारण में भारी विसंगति सामने आई।

अधिकारियों के अनुसार दुकान में उपलब्ध उर्वरक की मात्रा और अभिलेखों में दर्ज आंकड़ों में स्पष्ट अंतर पाया गया, जो उर्वरक वितरण व्यवस्था में गंभीर लापरवाही एवं नियम उल्लंघन को दर्शाता है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने प्रथम दृष्टया उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 के उल्लंघन का मामला मानते हुए दुकान संचालक के खिलाफ 21 दिनों का विक्रय प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की है।

🚔 प्रशासन का सख्त संदेश

जिला प्रशासन ने साफ किया है कि खरीफ सीजन में किसानों के लिए निर्धारित उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण, स्टॉक छिपाने अथवा अभिलेखों में गड़बड़ी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं की नियमित जांच करने तथा जहां भी अनियमितता मिले वहां सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

🌾 किसानों के हित में लगातार जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने कहा है कि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में उर्वरक भंडारण, वितरण एवं विक्रय व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आने वाले दिनों में जांच अभियान को और तेज किया जाएगा।