“ऑपरेशन क्लीन हंट” में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर बड़ा प्रहार, फरार आरोपी गिरफ्तार
खरसिया पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, सट्टा संचालन में इस्तेमाल मोबाइल जब्तआईपीएल सट्टा नेटवर्क से जुड़े आरोपी रायगढ़ पुलिस की रडार पर, एक आरोपी अब भी फरार
रायगढ़।रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी खरसिया पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सुभेष अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है, जो आईपीएल समेत विभिन्न क्रिकेट मैचों में हार-जीत का दांव लगाकर अवैध सट्टा कारोबार संचालित करता था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोटारोला कंपनी का मोबाइल फोन (G60 Pro) भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 29 अप्रैल 2025 को थाना साइबर सेल एवं चौकी खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने नवीन स्कूल के पास गली रोड, खरसिया में दबिश देकर आरोपी अंकित अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से Samsung Galaxy S22 मोबाइल फोन एवं ₹21,000 नकद बरामद किए गए थे। मोबाइल की जांच में ALLPANELEXCH एवं ALLPANELEXCH 9-CO नामक व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालन के सबूत मिले थे।
पूछताछ में आरोपी अंकित अग्रवाल ने खुलासा किया था कि वह अमित अग्रवाल एवं सुभेष अग्रवाल के साथ मिलकर संगठित तरीके से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित करता था। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप के जरिए सट्टेबाजों से संपर्क कर उन्हें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते थे तथा पैसों के लेन-देन और हिसाब-किताब का कार्य भी संभालते थे।
मामले में चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में अपराध क्रमांक 203/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 एवं 7 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी अंकित अग्रवाल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि सह-आरोपी अमित अग्रवाल एवं सुभेष अग्रवाल फरार चल रहे थे।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने रायगढ़ चौक, खरसिया क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सुभेष अग्रवाल पिता स्व. गजानंद अग्रवाल, उम्र 39 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके मेमोरेंडम के आधार पर मोबाइल फोन जब्त किया गया।
फिलहाल मामले का एक अन्य आरोपी अमित अग्रवाल निवासी स्टेशन रोड, खरसिया अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा, धनंजय कश्यप एवं सिदार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉🏻 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
“ऑनलाइन सट्टा जैसे संगठित अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में लिप्त हर व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
- “ऑपरेशन क्लीन हंट” में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह पर बड़ा प्रहार, फरार आरोपी गिरफ्तार - June 14, 2026
- “सुई-धागे से आत्मनिर्भरता की नई उड़ान” - June 13, 2026
- “अपराधियों पर शिकंजा, लापरवाही पर सख्ती” - June 13, 2026
