July 16, 2026

इंस्टाग्राम पर नाबालिग के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो शेयर करने वाला बाल अपचारी गिरफ्तार

IMG-20260621-WA0028.jpg

रायगढ़ साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल जब्त कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया

सोशल मीडिया पर दोस्ती कर चैट ग्रुपों में साझा करता था निजी तस्वीरें और वीडियो

रायगढ़। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और नाबालिगों की निजता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ रायगढ़ साइबर थाना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी किशोर पर आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर एक नाबालिग बालिका के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो विभिन्न चैट ग्रुपों में साझा किए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को चक्रधरनगर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर प्रसारित किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाना ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

तकनीकी जांच से खुली पहचान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच शुरू की। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संबंधित इंस्टाग्राम आईडी संचालित करने वाले की पहचान 17 वर्ष 4 माह आयु के एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के रूप में की गई।

पूछताछ में स्वीकार किया अपराध

19 जून को बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने नाबालिग बालिका एवं अन्य युवाओं से इंस्टाग्राम पर दोस्ती करना तथा बालिका के निजी फोटो-वीडियो विभिन्न चैट ग्रुपों में साझा करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।

किशोर न्यायालय में पेश, भेजा गया बाल संप्रेक्षण गृह

मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

साइबर टीम की रही अहम भूमिका

पूरे मामले की जांच में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह एवं साइबर टीम के अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का अभिभावकों को संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नियमित नजर रखें और उन्हें सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जागरूक करें।

> “बच्चों को अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन मित्रता करने, निजी फोटो-वीडियो साझा करने तथा व्यक्तिगत जानकारी देने से बचने की सीख दें। सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर बच्चों की निजता और सम्मान को प्रभावित करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी।”

साइबर सुरक्षा की चेतावनी

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि सोशल मीडिया पर की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर अपराध का कारण बन सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों और किशोरों को डिजिटल सुरक्षा, प्राइवेसी सेटिंग्स और ऑनलाइन जोखिमों के बारे में जागरूक करना समय की आवश्यकता है।