खरीफ सीजन में कृषि विभाग का बड़ा एक्शन, 37.45 क्विंटल बीज की बिक्री पर लगी रोक
किसानों को खराब बीज बेचने की आशंका पर कार्रवाई, 9 बीज विक्रय केंद्रों को नोटिस
स्रोत प्रमाण पत्र नहीं दिखा सके विक्रेता, जिलेभर में चला सघन जांच अभियान
रायगढ़। खरीफ सीजन के बीच कृषि विभाग ने बीज विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 37.45 क्विंटल बीज के विक्रय, वितरण और परिवहन पर रोक लगा दी है। जिलेभर में चलाए गए औचक निरीक्षण अभियान में कई बीज विक्रेता अपने बीजों के वैध स्रोत संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिक्री प्रतिबंधित कर दी।
जिला प्रशासन के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने 23 जून को जिले के सभी विकासखंडों में 18 बीज विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बीज नियंत्रण आदेश 1983 के प्रावधानों के उल्लंघन के मामले सामने आए, जिसके बाद कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।
इन बीज केंद्रों पर गिरी कार्रवाई की गाज
निरीक्षण के दौरान मेसर्स जय बालाजी एजेंसी (खरसिया), समलेश्वरी बीज भंडार (पटेलपाली), बालाजी बीज भंडार (पटेलपाली), मुकेश बीज भंडार (धरमजयगढ़), श्री श्याम कृषि केंद्र (सिसरिंगा) और सागर कृषि केंद्र (पुसौर) में बीजों के स्रोत प्रमाण पत्रों की जांच की गई।
जांच में कई बीज विक्रेता वैध स्रोत प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके चलते विभाग ने संबंधित बीजों के विक्रय, वितरण एवं परिवहन पर तत्काल रोक लगा दी।
खरसिया स्थित जय बालाजी एजेंसी में अंकुर सोनम एवं मनसा विराट धान बीज के स्रोत प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने पर स्टॉक की बिक्री प्रतिबंधित की गई। वहीं पान सीड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीजों के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर चार बीज केंद्रों में सात दिनों के लिए बिक्री पर रोक लगाई गई। पुसौर के सागर कृषि केंद्र में आईआर-64 धान बीज के स्रोत दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके विक्रय पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया।
9 बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस
निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में मासिक प्रतिवेदन और आवश्यक अभिलेखों का संधारण भी नहीं पाया गया। इस पर कृषि विभाग ने जिले के 9 बीज विक्रय केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
107 नमूने जांच के लिए भेजे गए
उप संचालक कृषि अनिल वर्मा ने बताया कि खरीफ 2026 में बीजों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अब तक 107 बीज नमूने राज्य स्तरीय बीज गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। इनमें 84 नमूने सहकारी क्षेत्र तथा 23 नमूने निजी क्षेत्र से लिए गए हैं।
किसानों के लिए चेतावनी
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत बीज विक्रेताओं अथवा सेवा सहकारी समितियों से ही बीज खरीदें और खरीदारी के समय पक्का बिल अवश्य लें। बिना बिल के खरीदे गए बीजों की गुणवत्ता संबंधी शिकायतों का निराकरण कठिन हो सकता है।
कृषि विभाग का कहना है कि जिले में खरीफ सीजन के लिए पर्याप्त मात्रा में प्रमाणित बीज उपलब्ध हैं और किसानों को केवल गुणवत्तायुक्त एवं प्रमाणित बीजों का ही उपयोग करना चाहिए।
- बरौद के विस्थापित परिवारों ने वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप निर्मित मकानों के सर्वे एवं मुआवजा की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन - July 15, 2026
- शिक्षा विभाग में बड़ा एक्शन या वर्षों की व्यवस्था पर सवाल? गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण पर चला बुलडोजर - July 15, 2026
- “स्कूल से उठी बदलाव की हुंकार” : केराखोल में नई शाला प्रबंधन समिति का गठन, नशामुक्ति की शपथ और साक्षरता रैली से गूंजा पूरा गांव - July 15, 2026
