रायगढ़ पुलिस की नई पहल: कानून अब जनता के द्वार, दो दिवसीय मेगा प्रदर्शनी व कार्यशाला का आगाज़
AI से लेकर नए आपराधिक कानून तक… पुलिस अधिकारियों को मिला हाईटेक प्रशिक्षण, स्कूली बच्चों ने सीखी साइबर, महिला और यातायात सुरक्षा की बारीकियां
रायगढ़। जिले में आधुनिक, तकनीक आधारित और जनोन्मुखी पुलिसिंग की दिशा में रायगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए दो दिवसीय नवीन आपराधिक कानून जनजागरूकता प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए आपराधिक कानूनों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना, पुलिस अधिकारियों को नवीन प्रावधानों से प्रशिक्षित करना तथा समाज में कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसडीओपी सिद्धांत तिवारी, डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह एवं सुशांतो बनर्जी की उपस्थिति में मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यशाला में DGPs/IGPs कॉन्फ्रेंस-2025 की सिफारिशों के अनुरूप आधुनिक पुलिसिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), CCTNS, ICJS, NATGRID, डेटा एनालिटिक्स, साइबर अपराध नियंत्रण, रियल-टाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग और ट्रस्ट-बेस्ड पुलिसिंग जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि नई तकनीकों के माध्यम से पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनता के प्रति जवाबदेह बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के नए प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध विवेचना, डिजिटल साक्ष्य, पीड़ित-केंद्रित न्याय व्यवस्था, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा साइबर अपराधों से निपटने के आधुनिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
बच्चों ने सीखा कानून, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा का पाठ
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा स्कूली विद्यार्थियों की सहभागिता रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बच्चों से सीधे संवाद कर नए कानूनों की आवश्यकता और उनके महत्व को सरल भाषा में समझाया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया, जिससे उनमें कानून के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ा।
विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए नवीन आपराधिक कानून, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा और ‘हेलो सिस्टर’ महिला सुरक्षा हेल्पलाइन से जुड़े स्टॉलों का भ्रमण किया और विशेषज्ञ अधिकारियों से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
04 जुलाई को होगा ‘पुलिस जन संवाद’
रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में शामिल होने की अपील की है। 04 जुलाई को आयोजित होने वाले “पुलिस जन संवाद” कार्यक्रम में नागरिक सीधे पुलिस अधिकारियों से संवाद कर नए कानूनों, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और पुलिस सेवाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “नवीन कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब पुलिस और आमजन दोनों उसकी भावना और प्रक्रिया को समझें। यह प्रदर्शनी आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








