July 16, 2026

‘ऑपरेशन अंकुश’ का ताबड़तोड़ एक्शन: महिला सटोरिया रंगे हाथ गिरफ्तार, घर से चल रहा था ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टे का खेल

IMG-20260708-WA0005.jpg

साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त रेड, मोबाइल, सट्टा-पट्टी और नगदी जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध जुआ-सट्टा कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही रायगढ़ पुलिस ने ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए शहीद चौक स्थित मकान में छापेमारी कर सट्टा-पट्टी लिख रही महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, सट्टा लेखा-जोखा, ऑनलाइन रिकॉर्ड और नगदी जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहीद चौक निवासी अनिता साहू अपने घर से गुप्त रूप से ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा कारोबार संचालित कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान में दबिश दी।

रेड के दौरान पुलिस ने अनिता साहू (32 वर्ष), पति बजरंग साहू, निवासी शहीद चौक, रायगढ़ को सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने सट्टा संचालन की बात स्वीकार कर ली।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से ग्रे रंग का रियलमी मोबाइल बरामद किया। मोबाइल की जांच में राजधानी कल्याण के विभिन्न सट्टा अंकों की तस्वीरें, सट्टा-पट्टी का रिकॉर्ड और हिसाब-किताब सुरक्षित मिला। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से सट्टे की रकम लेकर अवैध कारोबार चला रही थी।

पुलिस ने मौके से ₹480 नगद, सट्टा-पट्टी, मोबाइल फोन तथा अन्य दस्तावेज गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिए।

आरोपी अनिता साहू के विरुद्ध थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जुआ-सट्टा माफियाओं पर जारी रहेगा प्रहार

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत जिलेभर में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने क्षेत्र में संचालित किसी भी अवैध जुआ या सट्टा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।