ऑपरेशन प्रहार का ताबड़तोड़ एक्शन : 48 लाख की संपत्ति जब्त, तीन बड़ी कार्रवाई से अवैध कबाड़ माफियाओं में हड़कंप
पूंजीपथरा और जूटमिल पुलिस का संयुक्त प्रहार, दो ट्रक और एक माजदा समेत करीब 79 टन स्क्रैप कबाड़ जब्त
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके चालक, चोरी की संपत्ति होने के संदेह में पुलिस ने की सख्त वैधानिक कार्रवाई

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के कारोबार पर रायगढ़ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पूंजीपथरा और जूटमिल पुलिस ने लगातार तीन बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 79 टन स्क्रैप कबाड़, दो ट्रक, एक माजदा वाहन समेत लगभग 48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। कार्रवाई के बाद अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, तीनों मामलों में वाहन चालकों से कबाड़ के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। ऐसे में कबाड़ को संदिग्ध एवं चोरी की संपत्ति मानते हुए पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए वाहनों और स्क्रैप को जब्त कर लिया। अब पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पहला वार : पूंजीपथरा में माजदा वाहन से 3.39 टन स्क्रैप जब्त
15 जुलाई को थाना पूंजीपथरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक माजदा वाहन में संदिग्ध कबाड़ परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तमनार चौक में घेराबंदी कर CG-12-AY-0313 क्रमांक के वाहन को रोका गया।
वाहन चालक देवेन्द्र तिवारी (58 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार, कोरबा से पूछताछ के दौरान वाहन में लगभग 3 टन 390 किलोग्राम लोहे एवं टिन का स्क्रैप मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 91,530 रुपये आंकी गई। चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने करीब 5 लाख रुपये कीमत के वाहन सहित स्क्रैप जब्त कर आरोपी के विरुद्ध धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस/303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की।
दूसरा वार : जूटमिल पुलिस ने ट्रक से भारी मात्रा में स्क्रैप पकड़ा
16 जुलाई को थाना जूटमिल पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कबीर चौक क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए CG-13-AB-9599 क्रमांक के ट्रक की जांच की। ट्रक में भारी मात्रा में लोहे एवं टिन का स्क्रैप लोड था।
चालक महेन्द्र यादव (34 वर्ष), निवासी पलामू, झारखंड कबाड़ से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। धर्मकांटा में तौल कराने पर ट्रक सहित कुल वजन 40,630 किलोग्राम पाया गया। वाहन में लोड स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने ट्रक और स्क्रैप जब्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
तीसरा वार : ओडिशा से आ रहे ट्रक पर भी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
इसी दिन जूटमिल पुलिस ने छातामुड़ा गांव के बाहर रायगढ़–सारंगढ़ मुख्य मार्ग पर एक अन्य ट्रक OR-15-S-0187 को रोका। जांच में उसमें भी बड़ी मात्रा में लोहे एवं टिन का स्क्रैप मिला।
चालक दुर्योधन पाणिग्रही (52 वर्ष), निवासी बरगढ़, ओडिशा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। धर्मकांटा में तौल कराने पर ट्रक सहित कुल वजन 35,410 किलोग्राम पाया गया तथा लोड स्क्रैप की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने वाहन और स्क्रैप जब्त कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में इस्तगासा पेश किया।
कबाड़ नेटवर्क की अब होगी गहराई से जांच
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए स्क्रैप, वाहनों और उनके वास्तविक स्वामित्व की विस्तृत जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध कबाड़ का यह माल कहां से आया, किसे भेजा जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई संभव है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि—
> “रायगढ़ पुलिस अवैध कबाड़ के कारोबार पर लगातार प्रहार कर रही है। बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ का परिवहन, खरीद-बिक्री अथवा संग्रह करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध कबाड़ के पूरे नेटवर्क पर पुलिस की पैनी नजर है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।”
- वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: जंगली सूअर का शिकार करते दो शिकारी रंगे हाथ गिरफ्तार, मांस की कटाई के दौरान दबिश - July 21, 2026
- 100 साल पुराने श्री जगन्नाथ मंदिर से निकली भव्य रथ यात्रा, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंज उठा घरघोड़ा - July 18, 2026
- 20 साल से मौत का सफर बनी केशला-तोलगे सड़क! अब फूटा जनाक्रोश, 31 जुलाई तक काम नहीं शुरू हुआ तो होगा महाचक्काजाम - July 18, 2026
