August 31, 2026

60 किलो गांजा कांड का मास्टर सप्लायर ओडिशा से गिरफ्तार

IMG-20260809-WA0007.jpg

ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस का बड़ा वार—मोबाइल नंबर से खुला तस्करी नेटवर्क का राज, नाम और नंबर बदलकर करता था गांजे की डील

रायगढ़। नशे के कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस के “ऑपरेशन क्लीन हंट” में बड़ी सफलता मिली है। तमनार पुलिस ने 60 किलो गांजा तस्करी मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर शंकर मेहर (30) को ओडिशा के बौद्ध जिले से दबोचकर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की एक अहम कड़ी सामने आई है।

दरअसल, 20 अप्रैल 2026 को तमनार पुलिस ने सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार OR-15-T-7372 से गांजा परिवहन करते आरोपी सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से 60 किलो गांजा, कार और दो मोबाइल समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी।

पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा से मोबाइल नंबर 8658206423 के जरिए सप्लायर से लिया गया था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच और लगातार पतासाजी शुरू की। जांच की कड़ी जोड़ते-जोड़ते पुलिस मुख्य सप्लायर शंकर मेहर निवासी गुण्डीपदर, जिला बौद्ध, ओडिशा तक पहुंच गई।

🔥 हर बार बदलता था नाम और मोबाइल नंबर

पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर तरीके से तस्करी करता था। वह हर बार अलग मोबाइल नंबर इस्तेमाल करता और अपनी पहचान भी बदलकर बताता था। गांजा लेने वाले लोगों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर डील करता था। तमनार के दोनों आरोपियों के सामने भी उसने अपना नाम “कमल मेहर” बताया था।

गिरफ्तारी की भनक लगते ही आरोपी अपना घर छोड़कर फरार हो गया था। तमनार पुलिस ने ओडिशा में कैंप लगाकर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और लगातार उसकी लोकेशन की जानकारी जुटाई।

इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव गुण्डीपदर, थाना बाउन्सुनी, जिला बौद्ध में मौजूद है। सूचना पर तमनार पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश दी और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

🚨 सप्लाई चैन तक पहुंचेगी पुलिस

पूछताछ में आरोपी ने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना तमनार के अपराध क्रमांक 78/2026, धारा 20(बी), 29 NDPS Act के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस गिरफ्तारी को रायगढ़ पुलिस की इसलिए बड़ी सफलता माना जा रहा है क्योंकि कार्रवाई केवल 60 किलो गांजा पकड़ने तक सीमित नहीं रही, बल्कि पुलिस ने मोबाइल नंबर से जांच आगे बढ़ाते हुए कथित मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर NDPS मामलों में सप्लाई चैन के अंतिम छोर तक कार्रवाई का असर अब जमीन पर दिखाई देने लगा है।

👮‍♂️ इनकी रही अहम भूमिका

फरार आरोपी की गिरफ्तारी में तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक युगल किशोर यादव, सहायक उप निरीक्षक शशिदेव भोय एवं आरक्षक अतुल सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

⚡ SSP का दो टूक संदेश

“रायगढ़ पुलिस नशे के कारोबार के विरुद्ध केवल छोटे तस्करों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी। पूरे सप्लाई चैन का पता लगाकर मुख्य सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

60 किलो गांजा बरामदगी के बाद अब मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी—रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई ने ओडिशा तक फैले नशे के नेटवर्क पर सीधा प्रहार किया है।