August 31, 2026

आमजन के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गंभीरता और जवाबदेही से काम करें अधिकारी: कलेक्टर चतुर्वेदी

IMG-20260810-WA0009.jpg

रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिले तथा अपने छोटे-बड़े कामों के लिए उन्हें अनावश्यक दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने को कहा।

कलेक्टर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, लंबित प्रकरण, स्वास्थ्य सेवाएं, विकास कार्य और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के मैदानी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

श्रमिकों की सुरक्षा पर बनेगी जिला स्तरीय समिति

बैठक में जिले में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, सुविधाओं और हितों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन मामलों के समुचित परीक्षण और निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यस्थलों पर श्रमिकों को निर्धारित सुरक्षा सुविधाएं मिलनी चाहिए और उनके हितों से जुड़े मामलों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

DMF के कामों में तेजी, बारिश से पहले टेंडर-वर्क ऑर्डर पूरा करने के निर्देश

कलेक्टर ने जिला खनिज न्यास (DMF) के तहत स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया, कार्यादेश और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिया कि बारिश से पहले निविदा एवं कार्यादेश की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्य तेजी से शुरू हो सकें।

उन्होंने आगामी छह माह में स्वीकृत कार्यों को पूरा करने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित मापदंडों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

जर्जर स्कूल भवनों पर भी फोकस

बैठक में जिले के जर्जर स्कूल भवनों के जीर्णोद्धार और आवश्यकतानुसार नए भवन निर्माण की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं और संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

15 अगस्त की तैयारियों की भी समीक्षा

कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम, डिप्टी कलेक्टर शिल्पा भगत सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।