CHP चौक लिबरा हिंसा में पुलिस का बड़ा एक्शन: एक और आरोपी अनिल बेहरा गिरफ्तार
पुलिस पर हमला, लूटपाट, आगजनी और बलवा में था नामजद | अब तक 29 आरोपी सलाखों के पीछे, फरार आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा जारी
रायगढ़। तमनार थाना क्षेत्र के CHP चौक लिबरा हिंसा मामले में रायगढ़ पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस ने अनिल बेहरा (37), निवासी लिबरा को गांव में घेराबंदी कर दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
27 दिसंबर 2025 को भड़की थी हिंसा
गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में लिबरा CHP चौक पर चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान 27 दिसंबर को स्थिति अचानक बेकाबू हो गई थी। आरोप है कि आंदोलनकारियों की भीड़ ने पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला किया। कई पुलिसकर्मी घायल हुए। इतना ही नहीं, पुलिस के वॉकी-टॉकी और शासकीय मोबाइल फोन तक लूट लिए गए।
इसके बाद भीड़ ने पुलिस और प्रशासनिक वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी की तथा प्लांट परिसर में भी हिंसक उपद्रव किया। घटना ने इलाके की कानून-व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया था।
🔥 16 अपराध दर्ज, 29 आरोपी गिरफ्तार
पूरे मामले में अलग-अलग रिपोर्टों के आधार पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
गिरफ्तार अनिल बेहरा अपराध क्रमांक 303/2025, 306/2025, 307/2025 एवं 308/2025 में नामजद आरोपी था। पुलिस के मुताबिक वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
🚨 गांव पहुंचते ही पुलिस ने घेरा
10 अगस्त 2026 को मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि अनिल बेहरा अपने गांव लिबरा आया हुआ है। सूचना मिलते ही तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विवेचना में आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद प्रकरण में धारा 49 बीएनएस एवं धारा 25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है।
👮 फरार आरोपियों की अब खैर नहीं
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एएसपी अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव सहित तमनार पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस का साफ संदेश है—हिंसा, आगजनी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस एक-एक कर आरोपियों तक पहुंच रही है।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








