August 27, 2026

ऑपरेशन आघात: घरघोड़ा-चक्रधरनगर में शराब माफियाओं पर पुलिस का प्रहार, 40 लीटर महुआ शराब जब्त

IMG-20260811-WA0008.jpg

बैहामुड़ा में 30 लीटर शराब के साथ सूरज चौहान गिरफ्तार, गोपालपुर में 10 लीटर के साथ आमोद खलखो पकड़ाया; ₹250 बिक्री रकम भी जब्त

रायगढ़, 11 अगस्त। जिले में अवैध शराब के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में घरघोड़ा और चक्रधरनगर पुलिस ने दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर कुल 40 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

🔥 घरघोड़ा में 30 लीटर शराब बरामद

घरघोड़ा पुलिस को 9 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम बैहामुड़ा निवासी सूरज चौहान घर से अवैध महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।

तलाशी के दौरान उसके घर के आंगन से दो जरीकेन में 20 और 10 लीटर, कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। शराब की अनुमानित कीमत ₹6 हजार बताई गई है। पुलिस ने बिक्री की रकम ₹250 नगद भी जब्त की।

🚨 गोपालपुर में भी अवैध शराब का खेल उजागर

वहीं 10 अगस्त को चक्रधरनगर पुलिस को गोपालपुर कोरियादादर चौक के पास अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर आमोद खलखो को पकड़ा। उसके कब्जे से अलग-अलग बोतलों में 10 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत करीब ₹2 हजार है, बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

⚡ अवैध शराब कारोबारियों में मचा हड़कंप

एक ही अभियान के तहत हुई दोनों कार्रवाइयों में 40 लीटर अवैध महुआ शराब और ₹250 बिक्री रकम जब्त होने से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। रायगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि जिले में शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस का संदेश साफ है—अवैध नशे के कारोबार पर शिकंजा और भी कसेगा।