August 28, 2026

घरघोड़ा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, सरकारी दफ्तरों से घरों तक लहराया तिरंगा

IMG-20260815-WA0003.jpg

घरघोड़ा। देशभक्ति और उत्साह के माहौल में घरघोड़ा नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। नगर के स्कूलों, शासकीय कार्यालयों, निजी संस्थानों और घरों में तिरंगा शान से फहराया गया। सुबह से ही नगर में देशभक्ति का माहौल नजर आया और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बीईओ कार्यालय, बीआरसी कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय, पीएचई विभाग, तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और जनपद पंचायत कार्यालय सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों में विधिवत ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

नगर के विभिन्न स्कूलों में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया। वहीं निजी कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों में भी तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई गईं।

घरघोड़ा नगर के कई घरों में भी तिरंगा लहराता नजर आया। सरकारी कार्यालयों से लेकर स्कूलों, निजी संस्थानों और आम नागरिकों के घरों तक तिरंगे की शान दिखाई दी, जिससे पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

स्वतंत्रता दिवस के इस अवसर पर नागरिकों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।