August 29, 2026

स्कूल में महिला स्टाफ से कथित दुर्व्यवहार पड़ा भारी!

IMG-20260815-WA0009.jpg

‘अभियान संवेदना’ में कोतरारोड़ पुलिस का शिकंजा, गणित का व्याख्याता गिरफ्तार—न्यायालय से जेल रवाना

महिला ने लगाए लज्जा भंग, यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप

रायगढ़। कार्यस्थल पर महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी व्याख्याता वीर सिंह (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने कसा शिकंजा

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 13 अगस्त 2026 को थाना कोतरारोड़ में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोपी पर लज्जा भंग, यौन उत्पीड़न, अमर्यादित आचरण तथा मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 287/2026, धारा 74, 75 एवं 79 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी गणित विषय का व्याख्याता है और स्कूल में नोडल का प्रभार संभाल रहा था। शिकायत के मुताबिक आरोपी द्वारा कथित रूप से साथ कार अथवा ट्रेन से जाने, घर छोड़ने तथा अपने घर चलने जैसी बातें कही जाती थीं। शासकीय दस्तावेजों के लेन-देन के दौरान गलत नीयत से हाथ छूने, निरीक्षण के बहाने घूरने और डेली डायरी झटककर फेंकने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं।

बच्चों के सामने अपमानित करने का भी आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तबीयत खराब होने के बावजूद कक्षा में पढ़ाते समय उसे बच्चों के सामने कथित रूप से अपमानित किया गया। वहीं 18 मार्च 2026 की स्टाफ मीटिंग में भी सार्वजनिक रूप से अपमानित किए जाने का आरोप लगाया गया है। लगातार कथित व्यवहार से मानसिक तनाव बढ़ने की बात भी शिकायत में कही गई।

14 अगस्त को गिरफ्तारी, न्यायालय ने भेजा जेल

पुलिस विवेचना और पीड़िता के कथन के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पुलिस ने 14 अगस्त 2026 को आरोपी वीर सिंह पिता बाबूराम सिंह, उम्र 39 वर्ष, निवासी चन्द्रनगर वार्ड क्रमांक 28, थाना चक्रधरनगर, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अभियान संवेदना में पुलिस की सख्त कार्रवाई

कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में हुई। इसमें थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, आरक्षक बंशी रात्रे एवं बलराम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

➡️ संदेश साफ—कार्यस्थल पर महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ की शिकायत पर पुलिस की नजर, शिकायत मिलते ही कार्रवाई का वार।