August 31, 2026

ऑपरेशन आघात: लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.108 किलो गांजा जब्त

IMG-20260822-WA0013.jpg

महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, बोलेरो सहित 10 लाख की संपत्ति जब्त; ओडिशा से लखनऊ ले जा रहे थे गांजा

रायगढ़। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” लगातार दूसरे दिन भी जोरदार तरीके से जारी रहा। लैलूंगा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर महिला समेत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.108 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 2 लाख रुपये, तथा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया गया। कार्रवाई में कुल 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर बोलेरो के जरिए लैलूंगा-पत्थलगांव होते हुए लखनऊ, उत्तर प्रदेश जा रहे थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो में गांजा लेकर तस्कर ओडिशा की ओर से लैलूंगा होते हुए उत्तर प्रदेश जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संदिग्ध मार्ग पर निगरानी और घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति वाहन की पायलटिंग करता नजर आया। पुलिस को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन मोटरसाइकिल से गिर गया। चोट लगने पर उसे उपचार के लिए सीएचसी लैलूंगा भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो की तलाश जारी रखी।

पुलिस को देखकर बोलेरो भगाने की कोशिश, घेराबंदी में दबोचा

कुछ देर बाद पाकरगांव की ओर से लैलूंगा की तरफ आती सफेद बोलेरो पुलिस के हत्थे चढ़ी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन को दूसरी दिशा में भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन रोक लिया।

पूछताछ में चालक ने अपना नाम जशवंत कुमार शर्मा (32), निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया। वाहन में मौजूद महिला ने अपना नाम ज्योति जाटव (23), निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश बताया।

पूछताछ में दोनों ने ओडिशा से गांजा लेकर लखनऊ जाने की बात स्वीकार की।

महिला के बैग से मिले चार पैकेट, 4.108 किलो गांजा बरामद

पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। महिला ज्योति जाटव के कब्जे में रखे काले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर चार पैकेट में कुल 4.108 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

वहीं गांजा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन क्रमांक 26 BH 4095 B, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये है, को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

NDPS एक्ट में केस, दोनों आरोपी जेल भेजे गए

लैलूंगा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

लगातार दूसरे दिन हुई इस कार्रवाई से गांजा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई प्रेम साय भगत, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैकरा, देव प्रसाद राठिया, आरक्षक शशिभूषण उरांव, राजू तिग्गा, चमर साय भगत तथा महिला आरक्षक लीलावती एक्का शामिल रहे।

जब्ती का विवरण

– गांजा: 4.108 किलोग्राम — करीब ₹2 लाख
– बोलेरो वाहन: करीब ₹8 लाख
– कुल जब्ती: करीब ₹10 लाख

गिरफ्तार आरोपी

1. जशवंत कुमार शर्मा, पिता श्रीराम कुमार शर्मा, उम्र 32 वर्ष, निवासी केशव नगर, थाना मडियाव, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश।
2. ज्योति जाटव, पिता शोवरन जाटव, उम्र 23 वर्ष, निवासी आलमनगर, थाना तालकटोरा, जिला लखनऊ, उत्तर प्रदेश।

SSP का दो टूक संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी में संलिप्त आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

ऑपरेशन आघात के तहत लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई—लैलूंगा पुलिस ने गांजा तस्करी की खेप पकड़ी और तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।