August 29, 2026

तमनार में चोरियों का बड़ा खुलासा: 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

IMG-20260822-WA0016.jpg

मिलुपारा से बाइक और कुधरीपारा की दुकान में चोरी का राज खुला, चोरी की बाइक समेत वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद

रायगढ़/तमनार। तमनार पुलिस ने क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का तेज कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में 6 विधि से संघर्षरत बालकों और एक 20 वर्षीय युवक समेत कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों ने मिलुपारा चौक से मोटरसाइकिल चोरी करने तथा कुधरीपारा मंदिर चौक स्थित दुकान का दरवाजा तोड़कर खाद्य सामग्री और नगदी चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ वारदात में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी बरामद कर लिया है।

दो वारदातों ने मचाई थी हलचल

पहली घटना 12 अगस्त की रात मिलुपारा चौक में हुई। अंबुजा सीमेंट कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के रूप में काम करने वाले रतन कुमार धोबी ने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG11AU9751 घर के सामने खड़ी की थी। सुबह ड्यूटी जाने पर बाइक गायब मिली। मामले में 13 अगस्त को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

इसी रात कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित रामभजन पोर्ते की पान ठेला दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। दुकान का दरवाजा तोड़कर चोर करीब 9 हजार रुपये की खाद्य सामग्री और 1 हजार रुपये नगद, यानी करीब 10 हजार रुपये का माल लेकर फरार हो गए।

मुखबिर तंत्र ने खोली चोरों की पोल

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और मुखबिरों को सक्रिय किया। पुलिस को जल्द ही तीन संदिग्ध नाबालिगों के दोनों वारदातों में शामिल होने की सूचना मिली।

पूछताछ में उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि चोरी की दोनों घटनाओं में कुल सात लोग शामिल थे, जो दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वारदात को अंजाम देने निकले थे।

पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली।

एक-एक कर सामने आए सभी आरोपी

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने 20 अगस्त को तीन और विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन्होंने भी चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

मामले का एक आरोपी मुकेश अगरिया (20), निवासी जांजगीर, थाना तमनार पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और उसे भी दबोच लिया।

पूछताछ में मुकेश ने 6 नाबालिगों के साथ मिलकर दोनों चोरियों को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से भी चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।

BNS की धाराओं में कार्रवाई, युवक जेल भेजा गया

तमनार पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध क्रमांक 204/2026 में धारा 302(2) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 205/2026 में धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।

मुकेश अगरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं 6 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला चोरी का पूरा नेटवर्क

तमनार पुलिस की त्वरित जांच और मुखबिर तंत्र की सक्रियता से महज कुछ दिनों में दोनों चोरी की वारदातों की कड़ियां जुड़ती चली गईं और आखिरकार सात आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई। चोरी की बाइक और वारदात में प्रयुक्त वाहन की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई की अहम सफलता माना जा रहा है।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

चोरी की दोनों वारदातों का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, रंजीत भगत एवं पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।