ऑपरेशन प्रहार में चक्रधरनगर पुलिस का बड़ा वार: 15.75 टन संदिग्ध कबाड़ से भरा 12 चक्का ट्रक जब्त
विजयपुर चौक में दबोचा गया ओडिशा पासिंग ट्रक, चालक के पास नहीं मिले स्क्रैप के वैध दस्तावेज; करीब 16.70 लाख की संपत्ति जब्त
रायगढ़। अवैध कबाड़ के कारोबार और चोरी की संपत्ति के परिवहन पर रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी चोट की है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने विजयपुर चौक में कार्रवाई करते हुए 15.75 टन संदिग्ध स्क्रैप लोहे से लदा 12 चक्का ट्रक पकड़ा है। ट्रक और कबाड़ समेत पुलिस ने करीब 16.70 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा पासिंग ट्रक क्रमांक OD 16 E 5001 में भारी मात्रा में संदिग्ध कबाड़ रायगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विजयपुर चौक में घेराबंदी की और ट्रक को रोककर जांच शुरू की।
ट्रक चालक ने अपना नाम जोगेन्द्र साहू (47), निवासी गंजाम, ओडिशा बताया। तलाशी के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में लोहे के टुकड़े और स्क्रैप पाया गया। पुलिस ने चालक से कबाड़ के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और लिखित रूप से भी इसकी पुष्टि की।
इसके बाद कबाड़ का वजन कराया गया, जिसमें 15.75 टन स्क्रैप लोहा पाया गया। पुलिस ने ट्रक, उसमें लदा कबाड़, आरसी और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस जब्त कर लिया। ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख और कबाड़ की कीमत करीब 4.70 लाख रुपये बताई गई है।
🔥 दस्तावेज नहीं, कबाड़ संदिग्ध—पुलिस ने कसा शिकंजा
पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 303(2) सहित संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्क्रैप कहां से लोड किया गया और इसे कहां ले जाया जा रहा था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस का फोकस चोरी की संपत्ति, कबाड़ की खरीद-फरोख्त और उसके अवैध परिवहन पर है। पुलिस ने साफ किया है कि बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में एएसआई आशिक रात्रे एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
- राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम, युवाओं में दिखा उत्साह - August 27, 2026
- केलो डेम के गेट खुले तो सड़कों पर पानी, रायगढ़ में पुलिस-प्रशासन अलर्ट! - August 25, 2026
- शादी का झांसा, जंगल से ओडिशा तक शोषण का आरोप; खरसिया पुलिस ने आरोपी को दबोचा - August 25, 2026








