October 19, 2026

भरोसे की आड़ में बैंक खाते पर डाका! रिटायर्ड शिक्षक की 47 लाख की जमा पूंजी पर हाथ साफ

0
IMG-20261007-WA0002

6 साल तक चलता रहा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का खेल, बैंक स्टेटमेंट खुला तो सामने आई पूरी कहानी; कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी को दबोचा

रायगढ़। जिस व्यक्ति पर बैंक के कामकाज में मदद करने का भरोसा था, वही कथित तौर पर रिटायर्ड शिक्षक की जिंदगीभर की जमा पूंजी पर हाथ साफ करता रहा। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के कांटाहरदी में सामने आए इस मामले में सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से ₹47 लाख 5 हजार की रकम अलग-अलग खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी छत्रपाल सिदार (34) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2020 से पीड़ित रघुनाथ सिदार के संपर्क में था। बैंक संबंधी कामों में सहयोग करते-करते आरोपी को पीड़ित का विश्वास हासिल हो गया। आरोपी का पीड़ित के घर आना-जाना था और वह उनके मोबाइल का भी उपयोग करता था।

इसी दौरान बैंक खाते से अलग-अलग समय पर रकम ट्रांसफर होती रही।

💰 रिटायरमेंट के बाद जमा हुई मोटी रकम बनी निशाना

रघुनाथ सिदार वर्ष 2024 में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनके एसबीआई खाते में GPF, ग्रेच्युटी, अवकाश समर्पण सहित अन्य राशि जमा हुई। मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के उद्देश्य से जब उन्होंने बैंक स्टेटमेंट निकलवाया तो खाते से बड़ी रकम गायब होने का पता चला।

जांच में सामने आया कि जनवरी 2020 से जून 2026 तक कुल ₹47,05,000 अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे।

🔎 स्टेटमेंट ने खोला छह साल पुराना राज

खाते में हुए संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने कोतरारोड़ थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर 5 अक्टूबर 2026 को अपराध क्रमांक 377/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

🎮 अपने खातों में रकम डालकर ऑनलाइन गेमिंग में उड़ाई

पुलिस पूछताछ में आरोपी द्वारा पीड़ित के खाते से रकम अपने HDFC बैंक, SBI, Bank of India और Apex Bank खातों में ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ट्रांसफर की गई रकम का इस्तेमाल उसने ऑनलाइन गेमिंग में किया।

पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों से संबंधित जानकारी, ATM और मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। मामले में रकम के लेन-देन और अन्य बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।

🚔 पुलिस ने आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपी की पहचान छत्रपाल सिदार पिता शोभनाथ सिदार, उम्र 34 वर्ष, निवासी कांटाहरदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में हुई। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, एएसआई मन मोहन बैरागी, आरक्षक शुभम तिवारी सहित हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

⚠️ SSP की दो टूक—बैंकिंग जानकारी साझा करना पड़ सकता है भारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपना ATM, चेकबुक, मोबाइल और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें। खाते में होने वाले प्रत्येक ट्रांजेक्शन की नियमित निगरानी करें और संदिग्ध लेन-देन सामने आते ही तत्काल बैंक एवं पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *