इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर का किडनैप! आंखों पर पट्टी, चाकू की नोक पर UPI पासवर्ड… खाते से 1 लाख पार
पुसौर पुलिस का 24 घंटे में बड़ा एक्शन—पंडरीपानी से सकुशल रेस्क्यू, एक आरोपी हिरासत में; चार आरोपियों ने मिलकर रची थी अपहरण और रकम हड़पने की साजिश
रायगढ़। रायगढ़ जिले में इवनिंग वॉक पर निकले डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर के अपहरण से सनसनी फैल गई। बदमाशों ने प्रोफेसर को रास्ते से अगवा कर आंखों पर पट्टी बांधी, चाकू की नोक पर मोबाइल और UPI के पासवर्ड हासिल किए और करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद पीड़ित को भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और रातभर चले ऑपरेशन के बाद प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर लिया। घटना के 24 घंटे के भीतर पुसौर पुलिस ने एक आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लेकर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कर दी हैं। पुलिस के मुताबिक वारदात में चार आरोपी शामिल थे।
🔪 चाकू दिखाकर बनाया बंधक, फिर UPI का पासवर्ड उगलवाया
पुलिस के अनुसार जकेला निवासी डिग्री कॉलेज प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता 5 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे गांव में इवनिंग वॉक कर रहे थे। डीपापारा और शोभा राइस मिल के पास डबरी किनारे बैठकर आराम करने के दौरान दो लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।
आरोपियों ने उन्हें डबरी की ओर ले जाकर आंखों पर पट्टी बांध दी और पेट, गर्दन व छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल से उन्हें पंडरीपानी ले जाया गया।
वहां आरोपियों ने कथित तौर पर मारपीट कर प्रोफेसर के मोबाइल का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App की जानकारी हासिल कर ली।
📲 महिला के QR कोड पर कराया रकम ट्रांसफर
आरोपियों ने एक महिला से मोबाइल पर संपर्क किया और उसका QR कोड मंगवाकर प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस के मुताबिक खाते की करीब ₹1 लाख की ट्रांजेक्शन लिमिट समाप्त होने तक रकम भेजी गई।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर घर फोन करवाया और सब कुछ ठीक होने की बात कहलवाई, ताकि परिजनों को अपहरण की भनक न लगे।
🚨 परिजन पहुंचे पंडरीपानी, भनक लगते ही भागे आरोपी
पीड़ित के परिजनों को घटना पर संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल रेस्क्यू कर थाना लाया गया।
👮 24 घंटे में एक आरोपी पुलिस की पकड़ में
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने तत्काल पुसौर पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रोफेसर की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए।
पुलिस ने रातभर संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण और UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है।
💰 ट्रांसफर की गई पूरी रकम सुरक्षित
पुलिस ने जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उससे संपर्क कर ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया है। पुलिस ने अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
मामले में थाना पुसौर में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
🚔 इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
प्रोफेसर अपहरण कांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने में थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पांडे, डोल नारायण साव, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, दिलीप सिदार, राहुल सिदार एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।
🗣️ SSP शशि मोहन सिंह का संदेश
“अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होती है। पुसौर पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए पीड़ित को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। घटना में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
- शासकीय कार्यों में लापरवाही पर गिरी गाज, ग्राम पंचायत नावापारा-ब के सचिव सुदर्शन कर्ष निलंबित - October 16, 2026
- अब घरघोड़ा में बैठेंगे कलेक्टर! हर बुधवार लगेगा प्रशासनिक दरबार, 4 नवंबर से होगी शुरुआत - October 16, 2026
- शेयर मार्केट में 70.77 लाख की ठगी का मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार गिरफ्तार, साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! - October 15, 2026
